Edinbox Hindi
mbbs internship

नीट पीजी परीक्षा को एक ही पाली में करवाने की मांग, फाइमा चेयरमैन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र

नीट पीजी 2025 परीक्षा को एकल पाली (सिंगल शिफ्ट) में आयोजित करने की मांग को लेकर डॉक्टरों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। यह पत्र फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) के चेयरमैन डॉ. मनीष जांगड़ा की ओर से भेजा गया है, जिसमें 2017 की तर्ज पर नीट पीजी को एक ही पाली में आयोजित करने की अपील की गई है।

पत्र में बताया गया है कि वर्ष 2017 में स्वास्थ्य मंत्रालय ने निष्पक्षता, पारदर्शिता और एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए बहु-पाली (मल्टीपल शिफ्ट) परीक्षा प्रणाली को बंद कर दिया था। कई पालियों में परीक्षा आयोजित होने पर प्रश्नों की कठिनाई के स्तर और विषयों के वितरण में असमानता देखी गई है, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।

डॉ. जांगड़ा ने कहा कि नीट पीजी परीक्षा लाखों युवा डॉक्टरों के भविष्य को प्रभावित करती है, इसलिए यह अत्यंत आवश्यक है कि परीक्षा पारदर्शी, निष्पक्ष और एकरूप तरीके से कराई जाए। एक ही पाली में परीक्षा लेने से न सिर्फ परिणामों की विश्वसनीयता बनी रहती है, बल्कि यह उम्मीदवारों के बीच विश्वास भी कायम करता है और उनके करियर की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।

फाइमा ने आग्रह किया है कि स्वास्थ्य मंत्रालय, राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBE) को निर्देश दे कि परीक्षा को एकल पाली में कराने की परंपरा को बरकरार रखा जाए। जानकारी के अनुसार, नीट पीजी 15 जून को दो पालियों में आयोजित की जानी है—सुबह 9 बजे से 12:30 बजे तक और दोपहर 3:30 से शाम 7 बजे तक।

इस परीक्षा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 17 अप्रैल, 2025 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 7 मई, 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। NEET PG परीक्षा के माध्यम से देशभर के स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed