Edinbox Hindi

अब बिना फीस दिए होगी JEE-NEET की तैयारी! शिक्षा मंत्रालय ने खोला ‘साथी पोर्टल’, 25 अप्रैल से शुरू हो रहे नए बैच

देशभर में इंजीनियरिंग (JEE) और मेडिकल (NEET) की तैयारी कर रहे 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए शिक्षा मंत्रालय ने एक बेहद सुनहरा मौका पेश किया है। ‘साथी पोर्टल’ (Self Assessment Test and Help for Entrance Exams) के जरिए अब छात्र इन दोनों प्रतिष्ठित परीक्षाओं की पूरी तैयारी बिल्कुल मुफ्त में कर सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म IIT, AIIMS और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के अनुभवी प्रोफेसर्स और मेंटर्स की निगरानी में चलाया जा रहा है, जहां छात्रों को लाइव क्लास, रिकॉर्डेड वीडियो लेक्चर, ऑल इंडिया मॉक टेस्ट, डाउट सेशन और टॉपर्स के नोट्स जैसे सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं। सबसे खास बात यह है कि यह कोचिंग NCRT पैटर्न पर आधारित होती है और छात्रों को अपने स्कूल के समय से समझौता किए बिना क्लासेस करने की सुविधा मिलती है।

शिक्षा मंत्रालय ने 25 अप्रैल से शुरू होने वाले चार नए बैच के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन बैचों में इंजीनियरिंग की JEE और मेडिकल की NEET परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों को दो स्तरों पर शामिल किया जाएगा—11वीं के वे छात्र जो 2027 की परीक्षा देंगे और 12वीं के वे छात्र जो 2026 में परीक्षा देने वाले हैं। खास बात यह है कि जिन छात्रों का JEE 2025 में स्कोर अपेक्षाओं से कम रहा है, वे भी 12वीं के बैच में दाखिला लेकर 2026 में दोबारा परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। साथी पोर्टल पर अब तक 11.11 लाख से ज्यादा छात्रों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, जिनमें से बहुत से छात्र JEE और NEET जैसे एग्जाम्स में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। JEE 2025 में 99 पर्सेंटाइल से ज्यादा स्कोर करने वाले कई छात्रों ने साथी से कोचिंग ली है, जिनकी डिटेल पोर्टल पर भी मौजूद है।

इस पोर्टल की एक और खास बात यह है कि यह देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले छात्रों के लिए कई भाषाओं में स्टडी मटीरियल उपलब्ध कराता है। हिंदी, मराठी, उर्दू, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और असमिया जैसी भाषाओं में भी कंटेंट दिया जा रहा है, जिससे भाषा की बाधा के बिना कोई भी छात्र इस पोर्टल से जुड़ सके। साथी सिर्फ JEE और NEET तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसे आगे चलकर यूनिवर्सिटी एंट्रेंस (CUET), बैंकिंग, स्टाफ सिलेक्शन कमीशन और लॉ एंट्रेंस परीक्षाओं से भी जोड़ा जाएगा, जिसके लिए तैयारी की जा रही है।

2023 से अब तक JEE के लिए लगभग 7.8 लाख और NEET के लिए 2.6 लाख से ज्यादा छात्र इस पोर्टल के माध्यम से कोचिंग ले चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि किस तरह से साथी पोर्टल देश के युवाओं के सपनों को हकीकत में बदलने में एक सशक्त माध्यम बन रहा है। अगर आप भी बिना कोचिंग फीस दिए टॉप एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी करना चाहते हैं, तो आज ही साथी पोर्टल से जुड़ जाएं और 25 अप्रैल से शुरू हो रहे बैच में शामिल होकर अपने भविष्य की मजबूत नींव रखें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed