
हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) कंप्यूटर साइंस विषय में भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पुनः आरंभ कर दी है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 2 मई, 2025 की शाम 5 बजे तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hpsc.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से रुकी हुई थी, जिसे अब अंतिम रूप देने के लिए तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1711 पद भरे जाएंगे, जिनमें 1633 पद हरियाणा कैडर के लिए और 78 पद मेवात कैडर के लिए निर्धारित हैं।
यह वही भर्ती है जिसे 2023 में पहली बार विज्ञापित किया गया था, लेकिन आरक्षण और भर्ती नियमों से जुड़ी न्यायिक प्रक्रिया के चलते इसे रोक दिया गया था। अब इसे दोबारा संशोधित विज्ञापन के साथ जारी किया गया है। पहले से आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
हालांकि, जिन अनुसूचित जाति वर्ग के उम्मीदवारों ने पहले आवेदन किया था, उन्हें अपनी श्रेणी (OSC/DSC) अपडेट कर प्रमाणपत्र पुनः अपलोड करना अनिवार्य होगा।जिन अभ्यर्थियों ने गलत या अपूर्ण आवेदन भरे थे, उन्हें पहले का आवेदन रद्द कर नए सिरे से शुल्क जमा कर फिर से आवेदन करना होगा।
हरियाणा पीजीटी कंप्यूटर साइंस की सरकारी नौकरी भर्ती के लिए पहले केवल बीटेक/बीई डिग्रीधारी अभ्यर्थी ही योग्य माने जाते थे। लेकिन अब नई शैक्षणिक योग्यता के अनुसार, अभ्यर्थियों का बीएड किया होना भी अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही उम्मीदवारों को कंप्यूटर साइंस में एम.एससी की डिग्री (न्यूनतम 55% अंकों के साथ) या कंप्यूटर साइंस/कंप्यूटर इंजीनियरिंग/आईटी में बीई/बीटेक की डिग्री के साथ बीएड का कोर्स पूरा किया होना चाहिए।
इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों ने 10वीं कक्षा में हिंदी या संस्कृत विषय पढ़ा हो, या फिर 12वीं/बीए/एमए में हिंदी विषय पढ़ा हो, यह भी जरूरी शर्त है। साथ ही, हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) या स्कूल शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) पास होना भी अनिवार्य है।
कैसे करें आवेदन?
– HPSC की आधिकारिक वेबसाइट hpsc.gov.in पर जाएं
– ‘Advertisements’ टैब पर क्लिक करें
– PGT कंप्यूटर साइंस पंजीकरण लिंक पर क्लिक करें
– नया पंजीकरण करें और लॉगिन करें
– आवेदन पत्र में आवश्यक विवरण भरें, दस्तावेज अपलोड करें और शुल्क भुगतान करें
– सबमिट करने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकाल लें




Add comment