Edinbox Hindi

यूपी पॉलिटेक्निक परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 10 मई तक कर सकेंगे अप्लाई

संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने जेईईसीयूपी (JEECUP) पॉलिटेक्निक और पोस्ट डिप्लोमा इन इंडस्ट्रियल सेफ्टी परीक्षा 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 10 मई 2025 तक आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है, वे 8 से 11 मई 2025 के बीच अपने फॉर्म में आवश्यक सुधार कर सकते हैं। यह परीक्षा 20 मई से 28 मई 2025 के बीच आयोजित की जाएगी और इसके लिए एडमिट कार्ड 14 मई को जारी किए जाएंगे। परीक्षा परिणाम 10 जून 2025 को घोषित किए जाने की संभावना है।

जेईईसीयूपी परीक्षा में वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10 (हाई स्कूल) या 10+2 (इंटरमीडिएट) की परीक्षा उत्तीर्ण की हो। हालांकि, पाठ्यक्रम के अनुसार पात्रता भिन्न हो सकती है, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना अवश्य पढ़ें। आवेदन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले पंजीकरण करना होगा, जिसमें नाम, जन्म तिथि, माता-पिता का नाम, लिंग, संपर्क विवरण, पहचान पत्र की जानकारी, पासवर्ड और सुरक्षा प्रश्न जैसे विवरण भरने होंगे। इसके बाद, आवेदन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को निवास, श्रेणी, उपश्रेणी, परीक्षा समूह, परीक्षा केंद्र विकल्प और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता संबंधित जानकारी देनी होगी। साथ ही, जरूरी दस्तावेजों को निर्धारित प्रारूप में अपलोड करना अनिवार्य होगा।

आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को प्रति ग्रुप ₹300 का शुल्क देना होगा, जबकि अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क ₹200 प्रति ग्रुप निर्धारित किया गया है। उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। ऑफलाइन भुगतान के लिए ई-चालान का विकल्प उपलब्ध है, जिसके माध्यम से भारतीय स्टेट बैंक की किसी भी शाखा में भुगतान किया जा सकता है।

पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के प्रश्न पत्र में कुल 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न होंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक दिए जाएंगे, और खास बात यह है कि परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी। परीक्षा संपन्न होने के बाद मुख्य काउंसलिंग प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाएगी, जबकि विशेष काउंसलिंग का आयोजन चौथे चरण में किया जाएगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर UPJEE 2025 पंजीकरण लिंक पर क्लिक करना होगा, आवश्यक जानकारी भरनी होगी, दस्तावेज़ अपलोड करने होंगे, शुल्क का भुगतान करना होगा और फॉर्म जमा करना होगा। अंत में, भविष्य के उपयोग के लिए फॉर्म का एक प्रिंटआउट लेना न भूलें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed