
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक विशेष (कंपार्टमेंटल और सैद्धांतिक) परीक्षा 2025 के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कोई भी परीक्षार्थी विलंब से परीक्षा केंद्र पहुंचता है तो उसे प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा केंद्र में जूते और मोजे पहनकर प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। बोर्ड का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षा जांच को प्रभावी बनाने और नकल पर रोक लगाने के लिए की गई है। परीक्षार्थियों को इन दिशानिर्देशों का कठोरता से पालन करना होगा ताकि परीक्षा शांतिपूर्वक और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
परीक्षा कार्यक्रम और प्रवेश समय
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट और मैट्रिक विशेष परीक्षा 2025 के लिए परीक्षा का टाइम टेबल और प्रवेश समय निर्धारित कर दिया गया है। इंटरमीडिएट की परीक्षा 2 मई से 13 मई 2025 तक चलेगी, जबकि मैट्रिक की परीक्षा 7 मई 2025 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होगी, जिसके लिए परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। 9:00 बजे के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी और इसके लिए प्रवेश 1:00 बजे से प्रारंभ होगा। 1:30 बजे के बाद किसी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा सामग्री वितरण
बोर्ड ने सभी आवश्यक परीक्षा सामग्री जिला शिक्षा कार्यालय (DEO) को भेज दी है। सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे 30 अप्रैल तक सामग्री प्राप्त कर लें। किसी भी समस्या की स्थिति में बोर्ड द्वारा आपात मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की व्यवस्था की गई है।




Add comment