
आईआईएम बंगलूरू को दुनिया के 50 सर्वश्रेष्ठ बिजनेस स्कूलों में स्थान मिला है, हालांकि पिछले साल की तुलना में इसकी रैंकिंग में नौ पायदान की गिरावट आई है। 2024 में यह संस्थान 41वें स्थान पर था, जबकि 2025 की रैंकिंग में यह 50वें स्थान पर है। वहीं, आईआईएम कोझीकोड ने अपनी रैंकिंग में एक स्थान का सुधार किया है।
लंदन में बुधवार को जारी क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी की एग्जीक्यूटिव एमबीए रैंकिंग 2025 में सात भारतीय बिजनेस स्कूलों को जगह मिली है। इनमें से छह संस्थान टॉप 200 में शामिल हैं।
विश्वस्तरीय टॉप-5 बिजनेस स्कूल
विश्वस्तरीय टॉप-5 बिजनेस स्कूल में ऑक्सफोर्ड बिजनेस स्कूल पहले, एचईसी दूसरे, आईईएसई बिजनेस स्कूल तीसरे, एमआईटी चौथे व लंदन बिजनेस स्कूल पांचवें स्थान पर है।
क्यूएस के अध्यक्ष नुन्निजयो क्वाक्वेरेली ने कहा कि भारत की उच्च शिक्षा प्रणाली का विकास तेजी से हो रहा है। भारत और चीन के बिजनेस स्कूलों की संख्या रैंकिंग में समान रही। टॉप-200 में भारत की प्रविष्टियां ऑस्ट्रेलिया के बराबर हैं। भारतीय संस्थान वैश्विक व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुसार पाठ्यक्रमों में बदलाव कर रहे हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय विविधता, करियर आउटकम और प्रतिस्पर्धात्मकता को बल मिल रहा है।
करियर आउटकम में आईआईएम बंगलूरू दुनिया के टॉप-25 में
आईआईएम बंगलूरू देश का सबसे बेहतर एग्जीक्यूटिव एमबीए प्रोग्राम प्रदान करता है। करियर परिणामों में इसका प्रदर्शन इतना उत्कृष्ट है कि यह दुनिया के शीर्ष 25 बिजनेस स्कूलों में गिना गया है। भारत का कोई अन्य बिजनेस स्कूल शीर्ष 100 में शामिल नहीं है।
इसके अलावा आईएमटी गाजियाबाद और वॉक्सेन स्कूल ऑफ बिजनेस को वेतन वृद्धि संकेतक में विश्व के टॉप-17 में जगह मिली है। गोवा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पहली बार इस सूची में शामिल हुआ है।
चार भारतीय बिजनेस स्कूलों की रैंकिंग में गिरावट
2025 की रैंकिंग में कुल सात भारतीय बिजनेस स्कूल शामिल हैं। इनमें से चार की रैंकिंग में गिरावट आई है, एक की स्थिति में सुधार हुआ है, जबकि दो संस्थानों की स्थिति यथावत रही। गोवा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट ने पहली बार इस रैंकिंग में प्रवेश किया है।




Add comment