
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने आज राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET) 2024 का रिजल्ट घोषित कर दिया। परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट reet2024.co.in या rajeduboard.rajasthan.gov.in के जरिए रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
इस बार लेवल-1 में 1,95,847, लेवल-2 में 3,93,124 और दोनों स्तर में 47,097 पास हुए हैं। इस तरह लेवल-1 में 62.33 प्रतिशत, लेवल-2 में 44.69 प्रतिशत और दोनों लेवल में 50.77 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए। इस परीक्षा के लिए लेवल-1 में कुल 3,46,626, लेवल-2 में 9,68,502, और दोनों लेवल के लिए संयुक्त रूप से 1,14,696 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा में वास्तविक रूप से लेवल-1 में 3,14,195, लेवल-2 में 8,79,671 और दोनों लेवल में 92,767 अभ्यर्थी उपस्थित हुए।
रीट 2024 परीक्षा 27 और 28 फरवरी को तीन शिफ्ट में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 13,77,256 कैंडिडेट्स शामिल हुए थे। इनमें से लेवल 1 के लिए 4,06,953 और लेवल 2 के लिए 9,70,303 परीक्षार्थी उपस्थित हुए थे। इस परीक्षा के लिए कुल 15,44,518 आवेदन प्राप्त हुए थे।
राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET) 2024 में पास होने के लिए सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है। हालांकि, राज्य सरकार ने सामाजिक न्याय के तहत कई वर्गों को न्यूनतम उत्तीर्ण अंकों में राहत दी है। आदिवासी बहुल क्षेत्र (टीएसपी) में निवास करने वाले अनुसूचित जनजाति (ST) और सहरिया जनजाति के उम्मीदवारों के लिए केवल 36 प्रतिशत अंक लाना ही पर्याप्त है।
रीट की परीक्षा राजस्थान के 41 जिलों में 1731 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई गई थी। बोर्ड ने 19 मार्च को परीक्षा की आंसर-की अपलोड की थी और 31 मार्च तक आपत्तियां मांगी थीं। इन आपत्तियों के समाधान के बाद अब फाइनल रिजल्ट जारी किया गया है।
रीट असल में राजस्थान में सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए आवश्यक पात्रता परीक्षा है। रीट पास करने वाले उम्मीदवारों को राजस्थान शिक्षक पात्रता सर्टिफिकेट दिया जाता है। यह सर्टिफिकेट पहले 3 साल के लिए मान्य होता था, लेकिन 2022 की परीक्षा से इसे आजीवन कर दिया गया।




Add comment