
देश में बनी तनावपूर्ण और असुरक्षित परिस्थितियों को देखते हुए, भारतीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) ने मई 2025 में आयोजित की जा रही सीए परीक्षाओं के शेष पेपर स्थगित करने का निर्णय लिया है। इससे संबंधित आधिकारिक सूचना ICAI की वेबसाइट www.icai.org पर उपलब्ध है।
ICAI की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि “देश में वर्तमान स्थिति और सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है कि सीए फाइनल, इंटरमीडिएट और पोस्ट-क्वालिफिकेशन कोर्स (INTT AT) के 9 मई से 14 मई 2025 तक होने वाले सभी शेष पेपर स्थगित कर दिए गए हैं।”
संस्थान के संयुक्त परीक्षा सचिव सीए आनंद कुमार चतुर्वेदी ने उम्मीदवारों से अनुरोध किया है कि वे ICAI की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें।
पिछले शेड्यूल के अनुसार, ICAI CA मई 2025 परीक्षा की तिथियाँ 2 से 14 मई के बीच निर्धारित थीं। CA इंटरमीडिएट परीक्षा में ग्रुप 1 के पेपर 3, 5 और 7 मई को होने थे, जबकि ग्रुप 2 की परीक्षाएं 9, 11 और 14 मई को तय थीं। इसी तरह, CA फाइनल परीक्षा में ग्रुप 1 के पेपर 2, 4 और 6 मई को और ग्रुप 2 के पेपर 8, 10 और 13 मई 2025 को आयोजित किए जाने थे।
इंटरमीडिएट कोर्स की परीक्षाएं हर दिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जानी थीं। वहीं फाइनल कोर्स की परीक्षाओं में पेपर 1 से 5 के लिए समय 2 बजे से 5 बजे तक निर्धारित था, जबकि पेपर 6 की परीक्षा का समय 2 बजे से शाम 6 बजे तक रखा गया था। अब इन सभी पेपरों की नई तिथियाँ स्थिति सामान्य होने के बाद घोषित की जाएंगी।
अब इन स्थगित परीक्षाओं की नई तिथियाँ हालात सामान्य होने के बाद घोषित की जाएंगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक सूचना के लिए किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल ICAI की वेबसाइट से ही सूचना प्राप्त करें।




Add comment