Edinbox Hindi

पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड 12वीं के नतीजे जारी, 91% बच्चे हुए सफल; बरनाला की हरसिरत कौर टाॅपर

पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की तरफ से 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के नतीजे जारी कर दिए गए हैं। 12वीं कक्षा की परीक्षा में बरनाला की हरसिरत कौर 500 में से 500 अंक लेकर पूरे प्रदेश में टाॅपर बनी हैं। इस बार भी लड़कियों ने परिणाम में बाजी मारी है। लड़कियों का पास प्रतिशत 94.32 फीसदी रहा। 

पहले तीन स्थानों पर लड़कियों ने ही कब्जा जमाया है। टॉप-3 की पहली पोजिशन में बरनाला की हरसीरत कौर है। दूसरे स्थान पर मनवीर कौर रही हैं। मनवीर ने 500 में से 498 नंबर लिए हैं। वहीं तीसरे स्थान पर मानसा की अर्श है। अर्श ने भी 500 में से 498 अंक प्राप्त किए हैं। जिला वाइज पास प्रतिशत में सबसे आगे अमृतसर है। जिले का पास प्रतिशत 96.29 फीसदी रहा।

इस बार कुल 2,65,388 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे, जिनमें से 2,41,506 उत्तीर्ण हुए। उत्तीर्ण प्रतिशत 91.00 प्रतिशत रहा। लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। कुल 1,24,229 लड़कियों में से 1,17,175 परीक्षा में उत्तीर्ण हुईं। जबकि कुल 1,41,156 लड़कों में से 1,24,328 लड़के पास हुए हैं। ट्रांसजेंडर वर्ग में भी तीन में से तीन छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।

विद्यार्थी वेबसाइट www.pseb.ac.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकेंगे। परीक्षा में 5950 बच्चे फेल हुए हैं।

बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमर पाल सिंह ने बताया कि 12वीं कक्षा में इस बार करीब तीन लाख से अधिक विद्यार्थी पूरे पंजाब में अपीयर हुए थे। रिजल्ट घोषित होने के बाद अपना रिजल्ट देखने के लिए विद्यार्थियों को दिए गए स्थान पर अपना रोल नंबर समेत अन्य विवरण दर्ज करना होगा। पंजाब में कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 19 फरवरी से 4 अप्रैल 2025 तक आयोजित की गई थीं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed