
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) और जामिया मिलिया इस्लामिया द्वारा तुर्की की यूनिवर्सिटियों से अपने शैक्षणिक समझौतों को रद्द करने के बाद, अब हैदराबाद स्थित मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी (MANUU) ने भी तुर्की के खिलाफ कदम उठाया है। यूनिवर्सिटी ने तुर्की के युनुस एमरे इंस्टीट्यूट के साथ किया गया अपना करार समाप्त करने की घोषणा की है।
MANUU ने यह निर्णय भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव और उसमें तुर्की द्वारा पाकिस्तान का समर्थन करने के चलते लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से आतंकी गतिविधियों के बावजूद तुर्की ने खुलकर उसका पक्ष लिया, जो स्वीकार्य नहीं है।
यूनिवर्सिटी की ओर से बताया गया कि 2 जनवरी 2024 को तुर्की के युनुस एमरे इंस्टीट्यूट के साथ पांच साल के शैक्षणिक सहयोग समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस करार के अंतर्गत विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज, लिंग्विस्टिक्स एंड इंडोलॉजी में तुर्की भाषा में डिप्लोमा कोर्स शुरू किया गया था, और इसके लिए तुर्की से एक विजिटिंग प्रोफेसर को नियुक्त किया गया था।
हालांकि, अब विश्वविद्यालय ने इस समझौते को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। संस्थान ने यह भी बताया कि तुर्की से आए विजिटिंग प्रोफेसर पहले ही अपने देश वापस लौट चुके हैं।
इस फैसले को भारत में तुर्की के खिलाफ बढ़ती नाराजगी और उसके सामानों के बहिष्कार की भावना के बीच एक और सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।




Add comment