Edinbox Hindi

आचार्यकुलम् स्कूल ने बोर्ड परीक्षाओं में दर्ज किया शत-प्रतिशत परिणाम, प्रतिभा अभिनंदन पर्व में किया छात्रों का सम्मान

उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित पतंजलि के आचार्यकुलम् स्कूल में इस साल हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत सफलता के साथ खुशी का माहौल है। वर्ष 2024 की परीक्षा में हाईस्कूल के सभी 153 छात्र सफल हुए, जिससे स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन की मिसाल कायम की है।

इस उपलब्धि को उत्सवमयी रूप देने के लिए स्कूल में पांच दिवसीय ‘प्रतिभा अभिनंदन पर्व’ की शुरुआत की गई है। पहले दिन की प्रार्थना सभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।

शीर्ष रैंक प्राप्त करने वाले छात्र
स्कूल में अथर्व नाम के  छात्र ने 99.40 फीसदी अंकों के साथ पहला, ध्रुव ने 98 फीसदी अंकों के साथ दूसरा और सान्या सेजल ने 97.80 फीसदी अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, सहज ने 97.60 फीसदी अंकों के साथ चौधा, जबकि अंशुमान और कन्हैया कुमार ने 97.40 फीसदी अंकों के साथ संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल किया है।

21 छात्रों को सभी विषयों में मिले A-1 ग्रेड
स्कूल ने जानकारी दी है कि 21 छात्रों ने सभी विषयों में A-1 ग्रेड प्राप्त किया है, वहीं 43 ने अलग-अलग विषयों में शत-प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। जबकि 25 छात्रों ने 95 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। परीक्षा में 47.7% विद्यार्थियों ने 90% से अधिक, 28.7% ने 80-90%, 16.9% ने 70-80%, और 4.5% ने 60-70% अंक प्राप्त किए।

बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्णा का मार्गदर्शन
विद्यालय की उपाध्यक्षा डॉ. ऋतंभरा शास्त्री ‘बहन जी’ और प्राचार्या स्वाति मुंशी ने छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
योग गुरु बाबा रामदेव ने इस अवसर पर कहा, “अखंड-प्रचंड पुरुषार्थ आचार्यकुलम् के विद्यार्थियों का स्वभाव बन चुका है।”

वहीं, आचार्य बालकृष्णा ने कहा, “जिसमें तिनके के समान सुखों को त्यागने की क्षमता है, समस्त सिद्धियां उसकी दासी बन जाती हैं। आचार्यकुलम् के विद्यार्थियों ने इस दर्शन को जीवन में उतारा है।”

आधुनिक शिक्षा के साथ वैदिक परंपरा का समन्वय
CBSE से मान्यता प्राप्त यह विद्यालय कक्षा 5वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को वैदिक संस्कृति और आधुनिक शिक्षा का समन्वित पाठ्यक्रम प्रदान करता है। हर साल की तरह इस बार भी स्कूल के छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान की प्रतिष्ठा को और ऊंचा किया है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed