Edinbox Hindi

अशोका यूनिवर्सिटी का सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर की रोजाना प्रेस ब्रीफिंग करने वालीं कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अशोका यूनिवर्सिटी के सहायक प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद को सोनीपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई गांव जठेड़ी के सरपंच के बयान के आधार पर की गई, जिन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल आपत्तिजनक पोस्ट की शिकायत दर्ज कराई थी।

सरपंच ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर सेना और महिला सैन्य अधिकारियों के खिलाफ एक आपत्तिजनक बयान पढ़ा था, जो महमूदाबाद द्वारा किया गया था। इस मामले को लेकर राज्य महिला आयोग ने डीजीपी को शिकायत सौंपी थी। आयोग ने मध्य प्रदेश के एक मंत्री के खिलाफ हाईकोर्ट की टिप्पणी का हवाला देते हुए महमूदाबाद पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने बताया कि आयोग ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए महमूदाबाद को 48 घंटे के भीतर आयोग के दफ्तर में पेश होने का निर्देश दिया था। हालांकि, आयोग द्वारा दिए गए समयानुसार सुबह 10:30 बजे से 12 बजे के बीच दफ्तर पहुंचने के निर्देश के बावजूद, प्रोफेसर 10 बजे तक भी नहीं पहुंचे थे।

महिला आयोग का कहना है कि महमूदाबाद ने न केवल कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका पर, बल्कि सेना के नियमों पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। आयोग के अनुसार, उनके सार्वजनिक बयानों से न केवल सशस्त्र बलों में महिलाओं का अपमान हुआ है, बल्कि इससे सांप्रदायिक टकराव को भी बढ़ावा मिला है। यह बयान पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत की सैन्य प्रतिक्रिया और ऑपरेशन सिंदूर के सिलसिले में 7 मई के आसपास सोशल मीडिया व अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए गए थे।

इस पूरे मामले को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा और महिला सम्मान से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चिंता व्यक्त की जा रही है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed