
दिल्ली के शाहदरा इलाके में पुलिस ने नकली NCERT किताबों के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। जांच के आधार पर पुलिस ने अलीपुर स्थित एक गोदाम पर छापा मारा, जहां से करीब 1.70 लाख नकली किताबें बरामद की गईं। इनकी बाजार में अनुमानित कीमत 2.4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
शाहदरा पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में NCERT की नकली किताबें बेची जा रही हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और NCERT की संयुक्त टीम ने मंडोली रोड स्थित ‘अनुपम सेल्स’ नाम की दुकान पर छापा मारा। वहां 27 प्रकार की नकली किताबें पाई गईं, जिनकी पुष्टि NCERT टीम ने की। मौके से दुकान के मालिक प्रशांत गुप्ता (48) और उसका बेटा निशांत गुप्ता (26) गिरफ्तार किए गए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि नकली किताबें अरविंद कुमार नामक व्यक्ति से खरीदी गई थीं। इसके बाद पुलिस ने अरविंद को हिरासत में लेकर अलीपुर स्थित गोदाम से भारी मात्रा में नकली किताबें बरामद कीं।
डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम ने बताया, “यह एक संगठित गिरोह है जो NCERT की किताबों की नकल कर उन्हें असली कीमत पर बेच रहा था। यह न केवल कॉपीराइट उल्लंघन है, बल्कि सरकार और NCERT को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला गंभीर अपराध भी है।”
पुलिस ने फिलहाल निशांत गुप्ता, प्रशांत गुप्ता और अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।




Add comment