
26 मई 2025 को आयोजित हुई CUET UG 2025 परीक्षा विवादों में आ गई जब देशभर के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्याओं के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी। इस परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा किया गया था, लेकिन परीक्षा की शुरुआत में आई बाधाओं से छात्र-छात्राओं में भारी नाराजगी देखने को मिली।
पैन इंडिया सर्वर इश्यू से मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के अयोध्या से लेकर दिल्ली, पटना, कानपुर और फरीदाबाद तक कई परीक्षा केंद्रों से यह शिकायत मिली कि सर्वर डाउन होने के कारण छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिल पाया। अयोध्या के एक केंद्र की तस्वीर साझा करते हुए एक परीक्षार्थी ने लिखा, “सुबह 8:25 बजे तक किसी भी छात्र को एंट्री नहीं दी गई, जबकि रिपोर्टिंग टाइम 7 से 8:30 बजे था। केंद्र कह रहा है कि सर्वर डाउन है।”
देशभर के केंद्रों पर ‘अनिश्चितता’ का माहौल
राजधानी दिल्ली के एक परीक्षा केंद्र Pawan Ganga Education Centre 2 में भी परीक्षा शुरू होने में देरी की शिकायत सामने आई। एक प्रोफेसर ने लिखा, “CUET UG 2025 की 26 मई को सुबह 9 बजे होने वाली परीक्षा अभी तक शुरू नहीं हो सकी है।”
कानपुर के Unzip Technology Center में परीक्षा की पहली शिफ्ट निर्धारित थी, लेकिन छात्रों को सूचित किया गया कि “पैन इंडिया सर्वर” में गड़बड़ी के कारण परीक्षा संभव नहीं है। एक परीक्षार्थी ने सवाल उठाया, “अगर सर्वर में समस्या थी तो बिल्डिंग के बाहर रोल नंबर की लिस्ट पहले से क्यों नहीं लगाई गई?”
फरीदाबाद के ABCD E Exam Vidya Mansion (TCS Ajronda Chowk के पीछे) में भी सुबह 8 बजे तकनीकी खराबी के कारण छात्रों को प्रवेश नहीं मिल पाया।
पहले भी रद्द हो चुकी है परीक्षा
इससे पहले 14 मई 2025 को श्रीनगर केंद्र पर भी सर्वर समस्याओं के चलते परीक्षा रद्द की जा चुकी है। अब छात्रों को उम्मीद है कि 26 मई को प्रभावित हुई परीक्षा भी पुनः निर्धारित की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों ने NTA से मांग की है कि वह जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट करे और यह बताए कि जिन छात्रों की परीक्षा प्रभावित हुई है, उनके लिए अगला कदम क्या होगा।




Add comment