
सुप्रीम कोर्ट ने NEET PG 2025 को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यह परीक्षा अब पूरे देश में सिर्फ एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। यह फैसला उन याचिकाओं के संदर्भ में आया है जिनमें परीक्षा के दो पालियों में होने पर आपत्ति जताई गई थी। कोर्ट ने कहा कि दो शिफ्टों में होने वाली परीक्षा में प्रश्नों के कठिनाई स्तर में अंतर हो सकता है, जिससे उम्मीदवारों के साथ असमानता और अन्याय होता है।
पारदर्शिता और समान अवसर पर कोर्ट सख्त
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति एनवी अंजारिया की पीठ ने कहा, “जब तकनीकी प्रगति इतनी व्यापक है, तो परीक्षा को एक ही शिफ्ट में आयोजित करना संभव है। परीक्षा आयोजन संस्था की यह दलील स्वीकार नहीं की जा सकती कि देशभर में पर्याप्त केंद्र उपलब्ध नहीं हैं।”
कोर्ट ने यह भी कहा कि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर देना जरूरी है, और इसके लिए परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना अनिवार्य है। अदालत ने निर्देश दिया कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छात्रों में संतोष, अब नहीं रहेगा शिफ्ट को लेकर डर
कोर्ट के इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों में राहत की भावना है। कई छात्रों ने कहा कि अब उन्हें यह चिंता नहीं सताएगी कि दूसरी शिफ्ट में आने वाले प्रश्न आसान होंगे या कठिन। सभी को एक जैसी परीक्षा देने का अवसर मिलेगा, जिससे प्रतिस्पर्धा निष्पक्ष होगी।
पिछले साल से उठा था मुद्दा, 22 मई को कोर्ट ने दिए थे निर्देश
सितंबर 2024 में छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी जिसमें परीक्षा की एक ही शिफ्ट में आयोजन और प्रश्नपत्र व उत्तर कुंजी सार्वजनिक करने की मांग की गई थी। कोर्ट ने 22 मई 2025 को पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी निजी और डीम्ड मेडिकल कॉलेजों को अपनी फीस डिटेल्स सार्वजनिक करने का आदेश भी दिया था।
15 जून को होगी परीक्षा, नया शेड्यूल जल्द
NEET PG 2025 की परीक्षा 15 जून को CBT (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) मोड में आयोजित होनी है। पहले यह परीक्षा दो पालियों में होनी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब संशोधित कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। कोर्ट ने NBEMS को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा की तैयारी के लिए अभी भी पर्याप्त समय है, और जरूरी व्यवस्थाएं की जाएं।
NEET PG 2025 की प्रमुख तिथियां:
टेस्ट सिटी स्लिप जारी: 2 जून 2025
एडमिट कार्ड जारी: 11 जून 2025
परीक्षा तिथि: 15 जून 2025
परिणाम: 15 जुलाई 2025 तक
परीक्षा पैटर्न:
परीक्षा की कुल अवधि 3 घंटे 30 मिनट की होगी, जिसमें 200 MCQs होंगे। परीक्षा कुल 800 अंकों की होगी। हर सही उत्तर पर 4 अंक, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।




Add comment