Edinbox Hindi

जेईई एडवांस्ड 2025 का परिणाम घोषित, फाइनल आंसर की और कटऑफ भी जारी

आईआईटी में दाखिले के लिए आयोजित जेईई एडवांस्ड 2025 का परिणाम आज जारी कर दिया गया है। परीक्षार्थी अपना स्कोरकार्ड और फाइनल उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर देख सकते हैं।

इस वर्ष परीक्षा में 1.9 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा कुल 360 अंकों की थी, जिसमें पेपर-1 और पेपर-2 दोनों 180-180 अंकों के रहे।

टॉपरों की सूची में आईआईटी दिल्ली ज़ोन का दबदबा
इस प्रतिष्ठित परीक्षा में आईआईटी दिल्ली ज़ोन के राजित गुप्ता ने 332 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR 1) हासिल की है। महिला वर्ग में आईआईटी खड़गपुर ज़ोन की देवदत्ता माझी ने AIR 16 के साथ महिला टॉपर का स्थान प्राप्त किया।

जारी हुई कटऑफ
जेईई एडवांस्ड 2025 की कटऑफ भी प्रतिशत के रूप में जारी कर दी गई है:
कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) के लिए: 20.56%
ओबीसी-एनसीएल व जनरल-ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए: 18.50%
एससी/एसटी वर्ग के लिए: 10.28%

उम्मीदवार इस कटऑफ के आधार पर अपनी पात्रता जांच सकते हैं और आगामी काउंसलिंग प्रक्रिया की तैयारी कर सकते हैं।

परीक्षा का आयोजन
यह परीक्षा 18 मई 2025 को दो पालियों में आयोजित की गई थी। कुल 224 परीक्षा केंद्रों में, जिनमें भारत के 222 शहर और काठमांडू व दुबई शामिल थे, परीक्षा संपन्न हुई। इस वर्ष आईआईटी कानपुर ने परीक्षा का आयोजन किया।

JoSAA काउंसलिंग 2025: प्रवेश प्रक्रिया का अगला चरण
JoSAA (Joint Seat Allocation Authority) के माध्यम से इस वर्ष देशभर के 23 आईआईटी, 32 एनआईटी, 26 ट्रिपल आईटी और 47 जीएफटीआई संस्थानों में प्रवेश दिए जाएंगे।

काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और 3 जून से 28 जुलाई 2025 तक छह चरणों में आयोजित की जाएगी।

महत्वपूर्ण तिथियां:
काउंसलिंग में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को 3 जून से 12 जून शाम 5 बजे तक JoSAA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और कॉलेज च्वाइस फिलिंग करनी होगी। पहले चरण की सीट अलॉटमेंट सूची 14 जून को जारी की जाएगी। जिन उम्मीदवारों को पहले राउंड में सीट आवंटित होगी, उन्हें 19 जून तक ऑनलाइन रिपोर्टिंग कर सीट एक्सेप्टेंस फीस जमा करके अपनी सीट को कन्फर्म करना होगा। 

इसके बाद काउंसलिंग के बाकी चरणों में क्रमशः दूसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट 21 जून, तीसरे राउंड का 28 जून, चौथे राउंड का 4 जुलाई, पांचवें राउंड का 10 जुलाई और अंतिम छठे राउंड का सीट अलॉटमेंट 16 जुलाई को जारी किया जाएगा।

बेटियों को मिलेगा विशेष लाभ
इस वर्ष आईआईटी और एनआईटी संस्थानों में 20% अतिरिक्त सीटें केवल बालिकाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। यह अतिरिक्त आरक्षण सामान्य या अन्य आरक्षित श्रेणियों की सीटों को प्रभावित नहीं करेगा। इसका उद्देश्य देश की बेटियों को तकनीकी शिक्षा में अधिक अवसर देना है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed