
जेईई एडवांस्ड 2025 के परिणाम घोषित हो चुके हैं और अब संयुक्त सीट आवंटन प्राधिकरण (JoSAA) द्वारा काउंसलिंग प्रक्रिया की शुरुआत 3 जून 2025 से की जा रही है। जेईई मेन 2025 या जेईई एडवांस्ड 2025 में सफल छात्र JoSAA की आधिकारिक वेबसाइट josaa.nic.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और च्वाइस फिलिंग कर सकते हैं।
इन संस्थानों में मिलेगा प्रवेश
इस वर्ष JoSAA काउंसलिंग 2025 के माध्यम से देशभर के 23 आईआईटी, 32 एनआईटी, 26 ट्रिपल आईटी और 47 जीएफटीआई संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन मोड में संपन्न होगी। काउंसलिंग 3 जून से 28 जुलाई के बीच कुल छह चरणों में आयोजित की जाएगी।
जरूरी तिथियां और प्रक्रिया
इसमें भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को 3 जून से 12 जून शाम 5 बजे तक JoSAA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और कॉलेज च्वाइस फिलिंग करनी होगी। पहले चरण की सीट अलॉटमेंट सूची 14 जून को जारी की जाएगी। जिन उम्मीदवारों को पहले राउंड में सीट आवंटित होगी, उन्हें 19 जून तक ऑनलाइन रिपोर्टिंग कर सीट एक्सेप्टेंस फीस जमा करके अपनी सीट को कन्फर्म करना होगा।
इसके बाद काउंसलिंग के बाकी चरणों में क्रमशः दूसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट 21 जून, तीसरे राउंड का 28 जून, चौथे राउंड का 4 जुलाई, पांचवें राउंड का 10 जुलाई और अंतिम छठे राउंड का सीट अलॉटमेंट 16 जुलाई को जारी किया जाएगा।
बेटियों को मिलेगा विशेष लाभ
आईआईटी और एनआईटी में 20 फीसदी अतिरिक्त सीटों पर बेटियों को दाखिला मिलेगा। इन अतिरिक्त सीटों से अन्य आरक्षित सीटों में कोई कटौती नहीं हुई है। इसका मकसद बेटियों को देश के इंजीनियरिंग प्रीमियम संस्थानों से जोड़ना है।
नए नियम और पात्रता शर्तें
JoSAA काउंसलिंग में भाग लेने के लिए छात्रों को 12वीं में न्यूनतम 75% अंक या अपने बोर्ड के टॉप 20 पर्सेंटाइल में होना अनिवार्य है। SC/ST छात्रों के लिए यह सीमा 65% अंक निर्धारित की गई है। जिन बोर्डों में टॉप 20 पर्सेंटाइल की सूची जारी नहीं होती, वहां CBSE मानकों को आधार माना जाएगा।
फीस भुगतान की प्रक्रिया में बदलाव
इस बार फीस भुगतान को लेकर महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। अब छात्र काउंसलिंग के रजिस्ट्रेशन और च्वाइस फिलिंग के दौरान ही फीस जमा कर सकते हैं।फीस केवल छात्र के लॉगइन से ही नहीं, बिना लॉगिन के भी कोई तीसरा व्यक्ति (जैसे माता-पिता) फीस भर सकता है। फीस न भरने के कारण सीट रद्द नहीं होगी, बल्कि पहले से तय समयसीमा तक विकल्प तय करना अनिवार्य होगा।
आईआईटी सीटों पर सख्त नियम
किसी छात्र की निष्क्रियता का प्रभाव दूसरे छात्र के प्रवेश पर नहीं पड़ेगा। राउंड 2 से 5 के बीच छात्र को अपनी आवंटित सीट के लिए ‘फ्रीज’ या ‘स्लाइड/फ्लोट’ का विकल्प चुनना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर छात्र को JEE Advanced से डिबार कर दिया जाएगा, जिससे वह भविष्य की काउंसलिंग से वंचित हो सकता है।
JoSAA काउंसलिंग 2025 तकनीकी शिक्षा में प्रवेश के लिए एक अहम प्रक्रिया है। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय पर पंजीकरण, सही च्वाइस फिलिंग, और नए नियमों का पालन करें ताकि वे अपने मनचाहे संस्थान में प्रवेश प्राप्त कर सकें।




Add comment