
मिजोरम बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (MBSE) ने राज्य में जारी भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए HSLC (कक्षा 10) और HSSLC (कक्षा 12) कंपार्टमेंट एवं इम्प्रूवमेंट परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है। अब ये परीक्षाएं 12 जून 2025 को आयोजित की जाएंगी।
इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों की बैठक की तिथि भी संशोधित कर दी गई है। यह बैठक अब 10 जून 2025 को सुबह 11 बजे होगी। बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि, “राज्य में लगातार हो रही बारिश और उससे उत्पन्न प्राकृतिक आपदाओं के कारण परीक्षा कार्यक्रम और बैठक की तारीखों में बदलाव किया गया है।”
बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित
राजधानी आइजोल सहित कई क्षेत्रों में मूसलधार बारिश के कारण लैंडस्लाइड, मड फ्लो और चट्टानों के गिरने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। इसके चलते राज्य में 29 मई, 30 मई, 2 जून और 3 जून को स्कूल बंद रखने पड़े थे, और आज भी सभी स्कूल बंद हैं।
मुख्य परीक्षा और आवेदन की जानकारी
MBSE ने कक्षा 12 की मुख्य परीक्षाएं 14 फरवरी से 17 मार्च 2025 तक और कक्षा 10 की परीक्षाएं 10 फरवरी से 13 मार्च 2025 तक आयोजित की थीं। इन परीक्षाओं के परिणाम भी घोषित किए जा चुके हैं—कक्षा 12वीं का रिजल्ट 6 मई 2025 को और कक्षा 10वीं का रिजल्ट 29 अप्रैल 2025 को जारी हुआ था।
कंपार्टमेंट या इम्प्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक छात्रों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई 2025 तय की गई थी। इसके अतिरिक्त, छात्रों को ₹250 की लेट फीस के साथ फॉर्म जमा करने की सुविधा भी दी गई थी।




Add comment