Edinbox Hindi

NBEMS ने स्टाइपेंड दिशानिर्देशों में किया संशोधन, MBBS के बाद मेडिकल ट्रेनी को मिलने वाली राशि में हुआ इजाफा

राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) ने चिकित्सा संस्थानों और मान्यता प्राप्त अस्पतालों में डीएनबी, DrNB और FNB प्रशिक्षुओं के लिए स्टाइपेंड संबंधी दिशा-निर्देशों में संशोधन किया है। ये संशोधित दिशानिर्देश 1 जून 2025 से प्रभावी होंगे। इस संबंध में बोर्ड द्वारा एक आधिकारिक अधिसूचना भी जारी की गई है।

नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, रेलवे, ईएसआईसी, केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों, केंद्रीय स्वायत्त निकायों और केंद्र सरकार के अस्पतालों के साथ-साथ सभी निजी एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित चिकित्सा संस्थानों को NBEMS के अंतर्गत प्रशिक्षुओं को न्यूनतम निर्धारित स्टाइपेंड अनिवार्य रूप से देना होगा।

अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्टाइपेंड की दरों में संशोधन राज्य या केंद्र सरकार द्वारा समय-समय पर तय किए गए वजीफे के अनुरूप किया जाना चाहिए, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर एकरूपता बनी रहे। इसके साथ ही, NBEMS ने यह भी कहा है कि मान्यता प्राप्त अस्पताल चाहें तो प्रशिक्षुओं को न्यूनतम से अधिक वजीफा दे सकते हैं।

प्रशिक्षुओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना वांछनीय बताया गया है, परंतु यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि अस्पताल आवास मुहैया नहीं कराते हैं, तो उसकी भरपाई वजीफे से किसी भी प्रकार से नहीं की जाएगी—वजीफे में कोई कटौती नहीं की जाएगी।

पोस्ट-एमबीबीएस डीएनबी (ब्रॉड स्पेशलिटी) कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को स्टाइपेंड के रूप में पहले वर्ष में ₹43,000 प्रति माह, दूसरे वर्ष में ₹45,000 और तीसरे वर्ष में ₹47,000 दिए जाते हैं। वहीं, पोस्ट-डिप्लोमा डीएनबी (ब्रॉड स्पेशलिटी) कोर्सेज के लिए यह राशि पहले वर्ष में ₹45,000 और दूसरे वर्ष में ₹47,000 प्रति माह निर्धारित की गई है। 2 वर्षीय डिप्लोमा (पोस्ट एमबीबीएस – ब्रॉड स्पेशलिटी) कोर्सेज के अंतर्गत पहले वर्ष में ₹43,000 और दूसरे वर्ष में ₹45,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलता है।

DrNB (सुपर स्पेशलिटी) कोर्सेज में स्टाइपेंड की राशि पहले वर्ष में ₹49,000, दूसरे वर्ष में ₹51,000 और तीसरे वर्ष में ₹53,000 प्रति माह है। वहीं, DrNB डायरेक्ट 6 वर्षीय सुपर स्पेशलिटी कोर्स करने वालों को पहले वर्ष में ₹43,000, दूसरे वर्ष में ₹45,000, तीसरे वर्ष में ₹47,000, चौथे वर्ष में ₹49,000, पांचवें वर्ष में भी ₹49,000 और छठे वर्ष में ₹51,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाता है।

इसके अतिरिक्त, FNB (फेलोशिप नेशनल बोर्ड) कोर्सेज में पहले वर्ष के लिए ₹49,000 और दूसरे वर्ष के लिए ₹51,000 प्रति माह का स्टाइपेंड निर्धारित है।

इन संशोधनों का उद्देश्य NBEMS प्रशिक्षुओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक समान स्टाइपेंड ढांचा सुनिश्चित करना है, जिससे उनके प्रशिक्षण की गुणवत्ता और कार्य संतोष में वृद्धि हो सके।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed