Edinbox Hindi

UGC की नई पहल: उच्च शिक्षण संस्थानों में अब पढ़ाया जाएगा नशे के खिलाफ जागरूकता का पाठ

देश की युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने और उन्हें सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने एक नई पहल की शुरुआत की है। इसके तहत देश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे छात्रों को नशा विरोधी जागरूकता, मानव मूल्य और पेशेवर नैतिकता से जुड़ी शिक्षा अपने पाठ्यक्रम में शामिल करें।

नशे के खिलाफ शिक्षा: पहचान से लेकर बचाव तक
UGC ने सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को सुझाव दिया है कि वे छात्रों को नशे की पहचान, बचाव के उपाय और उससे होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक करें। इसके लिए आयोग ने एक ऑनलाइन मॉड्यूल भी तैयार किया है, जिसमें वीडियो और अन्य शैक्षणिक सामग्री शामिल हैं।

शिक्षा मंत्रालय की पहल पर हुई शुरुआत
यह पहल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा शिक्षा मंत्रालय को भेजे गए अनुरोध के बाद शुरू की गई है। मंत्रालय के अनुसार, नशे के खिलाफ चलाए गए जागरूकता अभियान से अब तक 11 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हैं।

अब शिक्षा सिर्फ अकादमिक नहीं, नैतिक भी
UGC के दिशा-निर्देशों के अनुसार, अब स्नातक (UG) और परास्नातक (PG) छात्रों को मानव मूल्य, पेशेवर नैतिकता, और वैश्विक नागरिकता जैसे विषयों की भी पढ़ाई करवाई जाएगी। यह शिक्षा पाठ्यक्रम का हिस्सा होगी और इसके लिए छात्रों को दो क्रेडिट अंक भी दिए जाएंगे, जो उनकी डिग्री में जुड़ेंगे और भविष्य में रोजगार के अवसरों में सहायक होंगे।

किन मूल्यों पर होगा ज़ोर?
इस नई शिक्षा प्रणाली में छात्रों को समाज में बढ़ रही कटुता के बीच त्याग, प्रेम, करुणा, शांति, सत्य, अहिंसा, सेवा, मित्रता और राष्ट्रप्रेम जैसे मूल्यों की शिक्षा दी जाएगी। साथ ही, उन्हें व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी, जवाबदेही, निष्पक्षता और नैतिक व्यवहार जैसे गुणों की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

यह शिक्षा छात्रों को वर्कशॉप, सेमिनार और विशेष सत्रों के माध्यम से दी जाएगी, जिससे वे एक बेहतर नागरिक और सफल पेशेवर बन सकें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed