
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर NEET PG 2025 परीक्षा को 3 अगस्त को एकल पाली में आयोजित करने की अनुमति मांगी है। सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दे दी है और अब यह मामला शुक्रवार, 6 जून 2025 को सुना जाएगा।
पहले 15 जून को दो पालियों में होनी थी परीक्षा
इससे पहले NEET PG परीक्षा को 15 जून 2025 को दो पालियों में आयोजित किया जाना था। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस फॉर्मेट पर आपत्ति जताते हुए परीक्षा को स्थगित कर दिया। कोर्ट ने कहा कि दो अलग-अलग शिफ्टों में परीक्षा कराने से प्रश्न पत्रों के कठिनाई स्तर में अंतर हो सकता है, जिससे उम्मीदवारों के साथ असमानता हो सकती है।
एक पाली में परीक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख
कोर्ट के निर्देश के अनुसार, परीक्षा को पूरे देश में एक ही पाली में आयोजित किया जाना चाहिए ताकि पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे। यह मामला उस याचिका के बाद सामने आया जिसमें यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट ने दो शिफ्टों में परीक्षा कराने के फैसले को चुनौती दी थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि इससे प्रतियोगियों के लिए असमान परिस्थितियां उत्पन्न होंगी।
क्या है NBEMS का प्रस्ताव?
NBEMS ने अब प्रस्ताव रखा है कि परीक्षा 3 अगस्त 2025 को सुबह 9 बजे से 12:30 बजे तक एकल पाली में आयोजित की जाए। बोर्ड ने बताया कि Tata Consultancy Services (TCS) के सहयोग से देशभर में परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता की पुष्टि कर ली गई है। हालांकि, 15 जून को एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराना संभव नहीं था, क्योंकि आवश्यक बुनियादी ढांचे की कमी थी।




Add comment