
दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विशेष स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक ऑनलाइन दाखिले के दूसरे चरण की तारीखों की घोषणा कर दी है। यह प्रक्रिया 20 जून से शुरू होकर 5 जुलाई शाम 5 बजे तक चलेगी।
पंजीकरण और दस्तावेज सत्यापन की समय-सीमा
शिक्षा निदेशालय द्वारा गुरुवार को जारी सर्कुलर के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। पंजीकरण के बाद अभिभावकों को 7 जुलाई से 10 जुलाई तक संबंधित स्कूल में आवश्यक दस्तावेज सत्यापन के लिए जमा कराने होंगे। साथ ही, उन्हें सलाह दी गई है कि आवेदन से पूर्व कक्षावार रिक्तियों की जांच जरूर कर लें।
पहले से नामांकित छात्रों के लिए दिशानिर्देश
वे छात्र जो पहले से ही किसी सरकारी या सहायता प्राप्त स्कूल में नामांकित हैं और पुनः प्रवेश या स्थानांतरण चाहते हैं, उन्हें ऑनलाइन आवेदन से पूर्व अपने स्कूल से परामर्श करने का निर्देश दिया गया है।
लॉटरी और आगे की प्रक्रिया
यदि किसी कक्षा में पात्र आवेदकों की संख्या सीटों से अधिक होती है, तो स्कूल स्तर पर 11 जुलाई को सुबह 11 बजे लॉटरी निकाली जाएगी। यह प्रक्रिया स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से संपन्न होगी।
चयन और अंतिम प्रवेश
लॉटरी के बाद चयनित छात्रों की अंतिम सूची 14 जुलाई तक समावेशी शिक्षा शाखा (IEB) को सौंपी जाएगी और 16 जुलाई को विभागीय वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। चयनित छात्रों का दाखिला 18 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, प्रतीक्षा सूची में शामिल छात्रों को उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर 19 से 21 जुलाई तक प्रवेश का मौका दिया जाएगा।




Add comment