
कश्मीर में लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए प्रशासन ने घाटी भर के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, कश्मीर में 23 जून से 7 जुलाई 2025 तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।
यह फैसला स्कूल शिक्षा निदेशालय, कश्मीर द्वारा लिया गया, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि छुट्टियां सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों — दोनों पर लागू होंगी और उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के सभी स्कूलों के लिए मान्य होंगी।
क्या कहा गया है सरकारी आदेश में?
आदेश में कहा गया है, “सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद यह निर्णय लिया गया है कि कश्मीर डिवीजन में संचालित सभी सरकारी और निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों में 23 जून 2025 से 7 जुलाई 2025 तक गर्मी की छुट्टी रहेगी।”
इस निर्णय के पीछे प्रमुख कारण है कश्मीर में जारी असामान्य रूप से उच्च तापमान, जिसने बीते कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
तापमान ने तोड़े दो दशक के रिकॉर्ड
श्रीनगर में शुक्रवार को पारा 35.5°C तक पहुंच गया — जो सामान्य से 6.3°C अधिक था। यह जून महीने का दो दशकों में सबसे गर्म दिन रहा।
शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 23.2°C रिकॉर्ड किया गया, जो 1990 के बाद सबसे गर्म रातों में से एक है। इससे पहले वर्ष 1990 में 23.6°C रात का तापमान दर्ज किया गया था।
कश्मीर के अन्य इलाकों में भी तापमान का असर
पहलगाम में 16.8°C के साथ जून का तीसरा सबसे गर्म रात दर्ज की गई। कोकरनाग ने 20.4°C तापमान के साथ भी तीसरा उच्चतम रिकॉर्ड बनाया। कुपवाड़ा में 21.1°C तापमान के साथ जून की पाँचवीं सबसे गर्म रात दर्ज की गई। जून में अब तक का सबसे अधिक रात का तापमान 24.6°C रहा, जो 29 जून 1978 को रिकॉर्ड हुआ था।
बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं की वजह से कश्मीर में गर्मी के प्रति असामान्य सतर्कता बरती जा रही है। छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने समय रहते यह निर्णय लिया है। इस दौरान अभिभावकों को भी सलाह दी गई है कि वे बच्चों को धूप और लू से बचाने के लिए जरूरी एहतियात बरतें।




Add comment