
भारत के 8 और मिडिल ईस्ट के 2 मेधावी छात्रों को प्रतिष्ठित ग्लोबल सिटिजन स्कॉलरशिप (Global Citizen Scholarship) से नवाजा गया है। इस स्कॉलरशिप की प्रति छात्र कुल राशि लगभग ₹1 करोड़ है, जिसके तहत ये छात्र सिंगापुर स्थित GIIS स्मार्ट कैंपस में 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। इस बारे में जानकारी शुक्रवार को अधिकारियों द्वारा साझा की गई।
100% ट्यूशन, हॉस्टल और अन्य खर्च होंगे शामिल
यह स्कॉलरशिप न केवल पूरी ट्यूशन फीस, बल्कि हॉस्टल, भोजन, रहने, पढ़ाई से जुड़े खर्च और मासिक स्टाइपेंड तक कवर करती है। इस तरह यह स्कॉलरशिप केवल आर्थिक मदद नहीं बल्कि, एक वैश्विक मंच पर उभरते नेताओं को आगे बढ़ाने का साधन है।
ग्लोबल स्कूल्स ग्रुप के एकेडमिक डायरेक्टर प्रमोद त्रिपाठी ने कहा, “ग्लोबल सिटिजन स्कॉलरशिप सिर्फ फंडिंग नहीं, यह भविष्य के जिम्मेदार और प्रेरणादायक लीडर्स में निवेश है। हम ऐसे युवाओं का साथ दे रहे हैं जो न केवल अपने करियर में अग्रणी बनेंगे, बल्कि समाज में भी सार्थक बदलाव लाने में सक्षम होंगे।”
दिल्ली में हुआ सम्मान समारोह
ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल (GIIS) द्वारा नई दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में इन प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर ग्लोबल सिटिजन स्कॉलरशिप (GCS) के 18वें बैच की आधिकारिक घोषणा की गई।
इस वर्ष चयनित कुल 10 छात्रों में से 8 छात्र भारत से और 2 छात्र मिडिल ईस्ट से हैं।
इन छात्रों का चयन शैक्षणिक उपलब्धियों, नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक सोच के आधार पर किया गया।
2008 से अब तक सैकड़ों को मिल चुका है लाभ
ग्लोबल सिटिजन स्कॉलरशिप की शुरुआत 2008 में की गई थी। इसकी चयन प्रक्रिया बहुपर्यायी होती है – जिसमें केवल अच्छे अंक ही नहीं, बल्कि समस्या सुलझाने की क्षमता, सोच में वैश्विक दृष्टिकोण और समाज के प्रति संवेदनशीलता भी महत्वपूर्ण होती है।
“मेरी जिंदगी बदल गई है” – निष्ठा महंता
असम के मोरान टाउन की छात्रा निष्ठा निर्मिता महंता, जिन्हें इस साल यह स्कॉलरशिप मिली, ने कहा- “यह अवसर मेरी पूरी जिंदगी की दिशा बदलने जैसा है। अब मैं सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय संस्थान में नहीं पढ़ूंगी, बल्कि **एक ऐसे वैश्विक समुदाय का हिस्सा बनूंगी जो मुझे बड़े सपने देखने, ऊंचे लक्ष्य तय करने और समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है।”




Add comment