
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET PG 2025 में शामिल होने वाले लाखों उम्मीदवारों को फर्जी सूचनाओं और भ्रामक मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में कई फर्जी ईमेल, SMS और सोशल मीडिया पोस्ट प्रसारित हो रही हैं, जिनमें नकली रैंकिंग या परीक्षा परिणाम का दावा किया जा रहा है।
NBEMS ने कहा – “हम किसी को नंबर बढ़ाने का वादा नहीं करते”
बोर्ड ने दो टूक कहा है कि NBEMS किसी भी अभ्यर्थी को अच्छे अंक दिलाने या रैंक सुधारने जैसी कोई सेवा नहीं देता और न ही इस तरह का कोई मैसेज, ईमेल या कॉल करता है। ऐसे किसी भी संचार से जुड़े दावों को झूठा और भ्रामक मानें।
हर आधिकारिक नोटिस में होता है QR कोड
NBEMS ने जानकारी दी कि जुलाई 2020 के बाद से बोर्ड द्वारा जारी हर आधिकारिक नोटिस में एक QR कोड शामिल होता है। इस कोड को स्कैन कर छात्र सीधे NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट https://natboard.edu.in या https://nbe.edu.in के संबंधित पेज पर पहुंच सकते हैं, जहां नोटिस की प्रामाणिकता की पुष्टि की जा सकती है।
धोखाधड़ी से बचें, एजेंटों से सावधान रहें
NBEMS ने छात्रों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी एजेंट, दलाल या बाहरी व्यक्ति के बहकावे में न आएं, जो झूठे वादों के ज़रिए पैसा या व्यक्तिगत जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि “सभी आधिकारिक अपडेट, सूचना और सहायता के लिए केवल NBEMS की वेबसाइट और आधिकारिक संचार माध्यमों पर भरोसा करें।”
छात्रों के लिए सुझाव:
– किसी भी सूचना की पुष्टि NBEMS की वेबसाइट पर जाकर करें।
– अनधिकृत ईमेल, SMS या सोशल मीडिया पोस्ट से सतर्क रहें।
– QR कोड स्कैन करके नोटिस की सत्यता जांचें।
– संदिग्ध संचार को नजरअंदाज करें और आवश्यक होने पर रिपोर्ट करें।




Add comment