Edinbox Hindi

जेएनयू में पीएचडी दाखिले के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 22 जुलाई तक करें आवेदन

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी प्रवेश के ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी अब 22 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।

प्रवेश प्रक्रिया और वेटेज
पीएचडी में दाखिला यूजीसी नेट / जेआरएफ / गेट स्कोर के आधार पर होगा। विश्वविद्यालय की प्रवेश नीति के अनुसार, यूजीसी नेट स्कोर को 70% वेटेज दिया जाएगा, जबकि शेष 30% वेटेज वाइवा-वॉयस (साक्षात्कार) के लिए निर्धारित है।

छात्रसंघ की मांग पर लिया गया फैसला
जेएनयू छात्रसंघ ने पंजीकरण तिथि बढ़ाने की मांग की थी। इसके लिए उन्होंने दाखिला निदेशक को पत्र लिखा था, जिसमें कहा गया था कि यूजीसी नेट जून 2025 में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को दाखिले की प्रक्रिया में कोई बाधा न हो। उन्होंने आग्रह किया था कि नेट परिणाम घोषित होने तक पीएचडी पंजीकरण की समयसीमा बढ़ाई जाए।

इसके अतिरिक्त, छात्रसंघ ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) से भी अनुरोध किया है कि यूजीसी नेट जून 2025 का परिणाम जल्द जारी किया जाए, ताकि विभिन्न विश्वविद्यालयों में चल रही पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित न हो।

शैक्षणिक योग्यता
पीएचडी प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए निम्नलिखित शैक्षणिक योग्यताएं आवश्यक हैं:
– 3+2 या 4+1 प्रणाली के तहत मास्टर्स डिग्री (कम से कम 55% अंकों के साथ)
– एम.फिल डिग्री वाले अभ्यर्थी भी पात्र हैं, बशर्ते उन्होंने कम से कम 55% अंक प्राप्त किए हों
– सीधे 4 वर्षीय बैचलर डिग्री के बाद पीएचडी में प्रवेश के इच्छुक छात्रों के लिए 75% अंक अनिवार्य हैं
– अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय से प्राप्त डिग्री भी मान्य होगी, यदि वह भारत में मान्यता प्राप्त हो

आवेदन शुल्क
प्रवेश प्रस्ताव स्वीकार करते समय भारतीय छात्रों को प्री-एनरोलमेंट पोर्टल पर ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करना होगा:
– सामान्य पीएचडी प्रोग्राम: ₹325
– इंजीनियरिंग स्कूल (School of Engineering) के लिए: ₹20,545
– भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किया जाएगा।

आवेदन प्रक्रिया
JNU PhD 2025-26 में आवेदन के लिए नीचे दिए गए चरणों का पालन करें:
– जेएनयू की आधिकारिक वेबसाइट jnuee.jnu.ac.in पर जाएं
– होमपेज पर “PhD Admissions 2025” लिंक पर क्लिक करें
– खुद को रजिस्टर करें और लॉगिन करें
– अपनी व्यक्तिगत व शैक्षणिक जानकारी भरें
– आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करें और आवेदन शुल्क का भुगतान करें
– फॉर्म सबमिट करें और उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रखें

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed