
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने देश भर के स्कूलों को एक अहम निर्देश जारी किया है। इसके तहत स्कूलों को अपने परिसर में ‘ऑयल बोर्ड’ लगाने को कहा गया है, ताकि छात्र अधिक तेल वाले भोजन के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को समझ सकें और बचपन से ही स्वस्थ जीवनशैली की आदतें विकसित कर सकें।
सीबीएसई का कहना है कि आज के समय में बच्चे अत्यधिक तला-भुना खाना खा रहे हैं और शारीरिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी कम हो रही है, जिससे बचपन में मोटापा बढ़ता जा रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में वर्ष 2021 में मोटापे से ग्रस्त लोगों की संख्या 18 करोड़ थी, जो 2050 तक बढ़कर 45 करोड़ तक पहुंच सकती है।
स्कूलों में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए CBSE के सुझाव
CBSE ने स्कूलों से आग्रह किया है कि वे छात्रों और स्टाफ को संतुलित आहार, सीमित तेल सेवन और एक्टिव लाइफस्टाइल के बारे में जागरूक करें। इसके लिए बोर्ड ने कुछ व्यावहारिक कदम सुझाए हैं:
1. ऑयल बोर्ड या पोस्टर लगाएं
स्कूल परिसर की सार्वजनिक जगहों जैसे कैफेटेरिया, लॉबी, मीटिंग रूम आदि में “ऑयल बोर्ड” या पोस्टर (प्रिंट या डिजिटल) लगाए जाएं, जिनमें यह बताया जाए कि अधिक तेल वाला भोजन सेहत के लिए कैसे हानिकारक है।
2. स्टेशनरी पर स्वास्थ्य संदेश
स्कूल अपनी स्टेशनरी — जैसे लेटरहेड, लिफाफे, नोटपैड आदि — पर छोटे-छोटे हेल्थ टिप्स और मैसेज प्रिंट कर सकते हैं, ताकि छात्रों और स्टाफ को लगातार स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके।
3. संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा
बच्चों को ताजे फल, सब्जियां और कम वसा वाला भोजन खाने के लिए प्रेरित करें। तले हुए व अत्यधिक मीठे स्नैक्स की उपलब्धता सीमित करें। छात्रों को सीढ़ियों का इस्तेमाल, पैदल चलने, छोटे-छोटे एक्सरसाइज ब्रेक जैसी गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करें।
छात्रों की भागीदारी और अतिरिक्त संसाधन
CBSE ने स्कूलों को सुझाव दिया है कि वे छात्रों को भी इस अभियान में भागीदार बनाएं। बच्चे स्वयं अनुभवात्मक शिक्षण के अंतर्गत ऑयल बोर्ड डिजाइन कर सकते हैं। बोर्ड ने इसके लिए कुछ नमूना डिज़ाइन (अनुलग्नक-I) भी साझा किए हैं, जिन्हें स्कूल अपनी आवश्यकताओं के अनुसार उपयोग या अनुकूलित कर सकते हैं।
साथ ही, स्कूल FSSAI के यूट्यूब चैनल से संबंधित वीडियो, पोस्टर आदि देख सकते हैं और अतिरिक्त जानकारी के लिए iec@fssai.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।
CBSE की अपील: मिलकर बनाएं बच्चों का भविष्य स्वस्थ
सीबीएसई ने सभी स्कूलों से अपील की है कि वे इस दिशा में गंभीर और ठोस कदम उठाएं, ताकि छात्र बचपन से ही स्वस्थ आदतें अपनाएं और एक फिट, तंदुरुस्त और जागरूक जीवन की ओर आगे बढ़ सकें।




Add comment