
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दाखिला प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है। इस बार सिर्फ चार सीटें खाली रह गई हैं, जो कि आईआईटी बीएचयू और आईआईटी खड़गपुर के बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर प्रोग्राम में थीं। ये सभी सीटें ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर की छात्राओं के लिए आरक्षित थीं, लेकिन इस श्रेणी में कोई उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिला। नियमानुसार, इन सीटों को अन्य वर्ग की छात्राओं या ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) पुरुष उम्मीदवारों को नहीं दिया जा सकता था।
गौरतलब है कि इस बार पहली बार सामान्य वर्ग की कोई भी सीट खाली नहीं रही। पिछली बार यानी सत्र 2024-25 में कुल 96 सीटें रिक्त थीं।
आईआईटी कानपुर के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, जोसा काउंसलिंग के जरिए इस बार 23 आईआईटी में कुल 18,160 सीटों के लिए दाखिला होना था, लेकिन 18,188 सीटों पर प्रवेश हुआ — यानी 28 अतिरिक्त दाखिले किए गए। इस साल जेईई एडवांस 2025 और दाखिला प्रक्रिया की जिम्मेदारी आईआईटी कानपुर को सौंपी गई थी।
इस हफ्ते से शुरू हो रहा नया सत्र
नया शैक्षणिक सत्र इसी सप्ताह से शुरू हो रहा है। विभिन्न आईआईटी संस्थान अलग-अलग तिथियों पर कक्षाएं आरंभ करेंगे। आईआईटी गांधीनगर 18 अगस्त, आईआईटी दिल्ली में 21 जुलाई, बॉम्बे व धनबाद में 28 जुलाई, गोवा पांच अगस्त, जम्मू 28 जुलाई, कानपुर, मद्रास, मंडी व जोधपुर 31 जुलाई, खड़गपुर 29 जुलाई, रुड़की व तिरुपति 26 जुलाई, रोपड़ व पालकाड़ 30 जुलाई, आईआईटी गांधीनगर 18 अगस्त, गुवाहाटी 20 जुलाई, इंदौर छह अगस्त, बीएचयू 24 जुलाई से सत्र शुरू कर रहा है।




Add comment