
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा (CMS) का आयोजन रविवार, 20 जुलाई 2025 को किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण किया है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपने ई-प्रवेश पत्र (e-Admit Card) तुरंत डाउनलोड कर लें।
परीक्षा की समय-सारणी:
पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक
दूसरी पाली: दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य है।
पहली पाली के लिए अंतिम प्रवेश समय: सुबह 9:00 बजे
दूसरी पाली के लिए अंतिम प्रवेश समय: दोपहर 1:30 बजे
इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
किन वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाना अनुमत है?
उम्मीदवार केवल निम्न वस्तुएं परीक्षा स्थल पर ले जा सकते हैं:
– ई-प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट
– पेन व पेंसिल
– वैध पहचान पत्र (जिसका विवरण प्रवेश पत्र पर हो)
– स्वयं के फोटोग्राफ की प्रतियां (यदि लागू हो)
– सामान्य/साधारण कलाई घड़ी (बिना किसी इलेक्ट्रॉनिक सुविधा के)
नोट: इलेक्ट्रॉनिक घड़ियाँ, स्मार्टवॉच, मोबाइल फोन, किताबें, बैग आदि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
मोबाइल और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं न लाएं
– परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, डिजिटल घड़ी, बैग, किताबें या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं है।
– केंद्र पर इन वस्तुओं को रखने की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
– अभ्यर्थी यदि ऐसी कोई वस्तु लेकर आते हैं, तो उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, और कोई जिम्मेदारी आयोग की नहीं होगी।
प्रवेश पत्र और पहचान पत्र अनिवार्य
– परीक्षा में बैठने के लिए ई-प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट और उसमें दर्ज पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा।
– अभ्यर्थियों को हर सत्र में उक्त दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।
– बिना ई-प्रवेश पत्र और मान्य पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सुझाव: उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से पूर्व सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और पूरी तैयारी के साथ समय से पहले केंद्र पर पहुंचें।




Add comment