
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी कार्यक्रम में दाखिले हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी नवीनतम अधिसूचना के अनुसार, अब इच्छुक अभ्यर्थी 28 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
पीएचडी में दाखिला UGC NET, JRF या GATE स्कोर के आधार पर होगा। प्रवेश नीति के तहत UGC-NET स्कोर को 70% वेटेज दिया जाएगा, जबकि शेष 30% वेटेज वाइवा-वॉयस (साक्षात्कार) को मिलेगा।
JNU PhD में प्रवेश के लिए योग्यता मानदंड
पीएचडी कार्यक्रम में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को निम्नलिखित शैक्षणिक योग्यताएँ पूरी करनी होंगी:
– आवेदक के पास 4 वर्षीय स्नातक डिग्री के बाद न्यूनतम 1 वर्ष की मास्टर्स डिग्री (या 3+2 वर्ष की शैक्षणिक व्यवस्था) होनी चाहिए।
– मास्टर्स या M.Phil. में न्यूनतम 55% अंक अनिवार्य हैं।
– जो छात्र सीधे 4 वर्षीय बैचलर डिग्री के बाद पीएचडी में प्रवेश लेना चाहते हैं, उनके लिए 75% या उससे अधिक अंक आवश्यक हैं।
– अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से प्राप्त डिग्री मान्य मानी जाएगी, बशर्ते वह भारत में मान्यता प्राप्त हो।
आवेदन शुल्क विवरण
पीएचडी में प्रवेश के लिए आवेदन करते समय उम्मीदवारों को प्री-एनरोलमेंट पोर्टल पर शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा:
– सामान्य पीएचडी पाठ्यक्रमों के लिए शुल्क: ₹325
– इंजीनियरिंग स्कूल में पीएचडी के लिए शुल्क: ₹20,545
– भुगतान केवल ऑनलाइन मोड के माध्यम से स्वीकार किया जाएगा।
JNU PhD आवेदन प्रक्रिया: ऐसे करें अप्लाई
– सबसे पहले jnuee.jnu.ac.in पर जाएं।
– होमपेज पर “PhD Admissions 2025” लिंक पर क्लिक करें।
– खुद को रजिस्टर करें और फिर लॉगिन करें।
– व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरण भरें।
– आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करें और ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करें।
– फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रखें।




Add comment