
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने स्नातकोत्तर (PG) प्रवेश 2025 के लिए दूसरे स्पॉट राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों को अब तक किसी भी कार्यक्रम में प्रवेश नहीं मिला है, वे अब स्पॉट राउंड 2 के लिए 1 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें डीयू की आधिकारिक वेबसाइट admission.uod.ac.in पर जाकर लॉगिन करना होगा।
स्पॉट राउंड 2 का सीट आवंटन परिणाम 2 अगस्त को घोषित किया जाएगा। आवंटित सीटों को स्वीकार करने की प्रक्रिया 2 से 4 अगस्त, शाम 4:59 बजे तक चलेगी, जबकि कॉलेज स्तर पर दस्तावेज़ सत्यापन 2 से 5 अगस्त के बीच किया जाएगा। ऑनलाइन फीस भुगतान की अंतिम तिथि 6 अगस्त तय की गई है।
उम्मीदवार डीयू की वेबसाइट पर उपलब्ध पीजी कोर्सों में बची हुई सीटों की जानकारी भी देख सकते हैं। जो छात्र पहले से CSAS PG पोर्टल पर पंजीकृत हैं लेकिन उन्हें कोई सीट आवंटित नहीं हुई है, वे अपने डैशबोर्ड से स्पॉट राउंड विकल्प चुनकर आवेदन कर सकते हैं।
दाखिले के लिए जरूरी दस्तावेज़:
स्पॉट राउंड 2 में सीट मिलने की स्थिति में उम्मीदवार को संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट कर निम्नलिखित दस्तावेज़ सत्यापन के लिए ले जाने होंगे:
– कक्षा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट
– स्नातक की डिग्री और प्रमाणपत्र
– माइग्रेशन सर्टिफिकेट
– स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी)
– वैध पहचान पत्र (ID)
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे डीयू पीजी स्पॉट राउंड 2 की समयसीमा और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें ताकि उनका प्रवेश प्रक्रिया में कोई चरण न छूटे।




Add comment