
उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) और प्रवक्ता (PGT) के पदों पर लंबे समय से लंबित भर्ती परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा आखिरकार कर दी गई है। कई बार परीक्षा स्थगित होने के बाद, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अब PGT परीक्षा 15 व 16 अक्टूबर 2025 और TGT परीक्षा 18 व 19 दिसंबर 2025 को कराने का फैसला लिया है।
UPTET 2026 की तारीखें भी तय
आयोग के उप सचिव डॉ. शिवजी मालवीय ने बताया कि शुक्रवार को हुई बैठक में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया – UPTET (उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा) अब 29 और 30 जनवरी 2026 को आयोजित होगी।
कई बार बदली जा चुकी हैं परीक्षा तिथियां
TGT परीक्षा को अब तक तीन बार स्थगित किया जा चुका है। पहले यह 4–5 अप्रैल 2025, फिर 14–15 मई, और इसके बाद 20–21 जुलाई को प्रस्तावित थी। अब अंतिम रूप से यह 18–19 दिसंबर को होगी।
PGT परीक्षा भी इसी तरह टलती रही। पहले यह 11–12 अप्रैल, फिर 20–21 जून और फिर 18–19 जून को प्रस्तावित हुई थी। इसके बाद अगस्त के अंतिम सप्ताह की चर्चा के बाद अब आयोग ने इसकी 15–16 अक्टूबर 2025 को आयोजन की पुष्टि की है।
13.19 लाख अभ्यर्थी कर रहे हैं इंतजार
इस भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन जुलाई 2022 में ही पूरे हो गए थे। तब से अब तक परीक्षा का इंतजार कर रहे 13.19 लाख अभ्यर्थियों के लिए यह खबर बड़ी राहत लेकर आई है।
TGT के लिए आवेदन: 8.69 लाख
PGT के लिए आवेदन: 4.50 लाख
UPTET: चार साल बाद फिर परीक्षा
UPTET परीक्षा भी लंबे अंतराल के बाद हो रही है। पिछली बार यह 23 जनवरी 2022 को आयोजित हुई थी। अब लगभग चार साल बाद, यह परीक्षा 29–30 जनवरी 2026 को होगी।
UPTET को पास करना परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक बनने के लिए अनिवार्य है।
यदि आयोग इस बार निर्धारित समय पर परीक्षाएं करा लेता है, तो यह न सिर्फ लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे लाखों उम्मीदवारों को राहत देगा, बल्कि शिक्षा क्षेत्र की लंबित भर्तियों को गति भी मिलेगी।




Add comment