
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार से हो रही लगातार भारी बारिश के चलते सोमवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्डों के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश पांडेय द्वारा जारी किया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि जो छात्र पहले ही स्कूल के लिए रवाना हो चुके हैं, उन्हें तत्काल वापस बुला लिया जाए।
हालांकि आदेश देर से जारी होने के कारण कई स्कूलों के छात्र सुबह तक स्कूल पहुंचने के लिए निकल चुके थे।
अन्य जिलों में भी छुट्टी
लखनऊ के अलावा रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बहराइच और अंबेडकर नगर में भी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाए।
भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में जलभराव
राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने तराई और आगरा मंडल के 15 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, और 31 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 64 जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी ट्रफ लाइन अभी भी तराई क्षेत्रों की ओर सक्रिय है, जिससे इन इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
रविवार को कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश
रविवार को पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। लखीमपुर खीरी और भदोही में सबसे अधिक 120 मिमी बारिश हुई। चित्रकूट और प्रतापगढ़ में 110 मिमी, अलीगढ़ में 100 मिमी, जबकि वाराणसी, बलिया, प्रयागराज और मिर्जापुर में 90 मिमी वर्षा दर्ज की गई। देर शाम गोंडा, बहराइच, सीतापुर और बाराबंकी में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें और ज़रूरत होने पर ही घर से बाहर निकलें।




Add comment