
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) ने दूसरे मूल्यांकन चक्र में सर्वोच्च A++ ग्रेड से सम्मानित किया है। इस बार विश्वविद्यालय को 3.55 संचयी ग्रेड प्वाइंट औसत (CGPA) प्राप्त हुआ है। 8 अगस्त को घोषित यह मान्यता 2029 तक मान्य रहेगी। इससे पहले 2018 में हुए मूल्यांकन में डीयू को A+ ग्रेड और 3.28 सीजीपीए मिला था।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह बेहतर स्कोर लगातार गुणवत्ता सुधार, शिक्षण और शोध में नवाचार, तथा मजबूत संस्थागत शासन का परिणाम है।
कुलपति ने इसे बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
कुलपति योगेश सिंह ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के इतिहास का “ऐतिहासिक क्षण” बताया और पूरी डीयू बिरादरी के लिए गर्व का विषय कहा। उन्होंने कहा- “यह सफलता हमारे शिक्षकों, छात्रों, गैर-शिक्षण स्टाफ, पूर्व छात्रों और सभी हितधारकों की प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयास का नतीजा है। यह हमें उच्च मानक स्थापित करने और शिक्षण, शोध व समाज सेवा में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करता है।”
कुलपति ने सभी को बधाई देते हुए आश्वासन दिया कि डीयू शिक्षा, शोध और सामुदायिक जुड़ाव में सर्वोच्च मानक बनाए रखेगा और देश के अग्रणी उच्च शिक्षा संस्थानों में अपनी स्थिति को और मजबूत करेगा।




Add comment