
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गठबंधन ने सी.पी. राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है।
अब सवाल यह है कि आखिर कौन हैं सी.पी. राधाकृष्णन और उनका राजनीतिक व शैक्षणिक सफर कैसा रहा है?
शिक्षा और खेलों में रुचि
सी.पी. राधाकृष्णन ने वर्ष 1978 में तूतीकोरिन स्थित वी.ओ.सी. कॉलेज (मदुरै यूनिवर्सिटी) से बीबीए की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद राजनीति विज्ञान में गहन अध्ययन करते हुए उन्होंने ‘सामंतवाद का पतन’ विषय पर पीएचडी की और डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की।
खेलों के प्रति उनका गहरा लगाव रहा है। कॉलेज स्तर पर वे टेबल टेनिस चैंपियन रहे और लंबी दूरी की दौड़ में भी सक्रिय प्रतिभागी थे। साथ ही उन्हें क्रिकेट और वॉलीबॉल खेलना भी पसंद है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्तूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में हुआ। उनके पिता का नाम सी.के. पोन्नुसामी और माता का नाम जानकी था। उनकी पत्नी का नाम सुमति है और उनके एक पुत्र व एक पुत्री हैं।
राजनीतिक सफर
राधाकृष्णन दो बार कोयंबतूर लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। 2004 से 2007 तक वे तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। इसके बाद 2020 से 2022 तक उन्हें केरल भाजपा का अखिल भारतीय प्रभारी नियुक्त किया गया।
18 फरवरी 2023 को वे झारखंड के राज्यपाल बने और वर्तमान में (2024 से) महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं।




Add comment