Edinbox Hindi

दलित युवाओं के सपनों को मिले पंख; परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र योजना के अंतर्गत 701 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

योगी सरकार ने अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के युवाओं को सिविल सेवा और अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के लिए संचालित परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र योजना के अंतर्गत इस वर्ष 701 अभ्यर्थियों का चयन किया है।

समाज कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही इस योजना के तहत अभ्यर्थियों को उच्चस्तरीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वे IAS, PCS जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा साबित कर सकें।

701 अभ्यर्थियों का चयन
वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के लिए 11.24 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। यह योगी सरकार की समावेशी विकास और प्रतिभा को अवसर देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आधुनिक पाठ्यक्रम और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
इन प्रशिक्षण केंद्रों में अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा से लेकर मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तक की संपूर्ण तैयारी कराई जाती है। विषय विशेषज्ञ नवीनतम पाठ्यक्रम और आधुनिक शिक्षण तकनीकों के आधार पर प्रशिक्षण देते हैं। खासतौर पर लखनऊ में बालिकाओं के लिए समर्पित प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित किया गया है।

इन केंद्रों से निकलकर कई युवाओं ने IAS, PCS और अन्य सेवाओं में सफलता हासिल की है और आज वे पूरे समाज के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक कठिनाई या सामाजिक बाधाएं किसी भी प्रतिभाशाली युवा के भविष्य में रुकावट न बनें।

अब तक 6784 अभ्यर्थी लाभान्वित
समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक पी.के. त्रिपाठी के अनुसार, वर्ष 2017-18 से अब तक 6784 अभ्यर्थी इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें से 48 अभ्यर्थियों का चयन संघ/राज्य लोक सेवा आयोग में हुआ है, जबकि 653 ने अन्य परीक्षाओं में सफलता पाई है। कोविड काल में इसे ऑनलाइन भी संचालित किया गया, जिसके तहत 81 अभ्यर्थी राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा और सहायक वन संरक्षक पदों पर चयनित हुए।

राज्य में संचालित 8 प्रशिक्षण केंद्र
समाज कल्याण विभाग द्वारा वर्तमान में प्रदेश में आठ परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें SC/ST अभ्यर्थियों को मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाता है। इनमें प्रमुख केंद्र हैं:
– श्री छत्रपति शाहूजी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन, लखनऊ
– आदर्श पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र (बालिका), अलीगंज, लखनऊ
– न्यायिक सेवा पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र, प्रयागराज
– संत रविदास IAS-PCS पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र, वाराणसी
– डॉ. बी.आर. अंबेडकर IAS-PCS पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र, अलीगढ़
– डॉ. बी.आर. अंबेडकर IAS-PCS पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र, आगरा
– IAS-PCS कोचिंग केंद्र, निजामपुर, हापुड़
– राजकीय IAS-PCS कोचिंग केंद्र, गोरखपुर

इन केंद्रों में उन्हीं अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाता है, जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 6 लाख रुपये तक है। यह योजना सामाजिक व आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के युवाओं को सशक्त बनाने और उनके सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed