
हरियाणा शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय साधन सह पात्रता छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र 8 सितंबर से 15 अक्तूबर 2025 तक हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा का आयोजन 30 नवंबर 2025 को होगा।
छात्रवृत्ति का लाभ
एनएमएमएस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह 1,000 रुपये यानी वार्षिक 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह सहायता कक्षा 9 से 12 तक दी जाएगी। इस तरह कोई भी विद्यार्थी चार वर्षों में अधिकतम 48,000 रुपये की वित्तीय मदद प्राप्त कर सकता है।
क्या है एनएमएमएस छात्रवृत्ति
एनएमएमएस योजना की शुरुआत वर्ष 2008 में मानव संसाधन विकास मंत्रालय के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई बिना आर्थिक बोझ के पूरी कर सकें।
पिछला रिकॉर्ड
पिछले वर्ष जिले से 2348 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2199 ने परीक्षा दी। इनमें से 143 छात्रों का चयन हुआ था। चयनित छात्रों को विभाग की ओर से प्रतिमाह 1,000 रुपये की छात्रवृत्ति मिल रही है।
पात्रता मानदंड
– केवल कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थी ही आवेदन कर सकते हैं।
– चयनित छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ कक्षा 9 से 12 तक मिलेगा।
– अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 3.30 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
परीक्षा से जुड़ी जानकारी
एनएमएमएस परीक्षा 30 नवंबर 2025 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगी। एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से लगभग 10 दिन पहले हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे।




Add comment