
दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के वसंतकुंज इलाके स्थित एक प्रसिद्ध आश्रम के संचालक चैतन्यनंद सरस्वती (पूर्व नाम – डॉ. पार्थसारथी) पर 15 से अधिक छात्राओं से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे हैं। छात्राओं की शिकायत के आधार पर वसंतकुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की लग्ज़री वोल्वो कार जब्त की है, जिस पर उसने अवैध रूप से यूएन (UN) का फर्जी नंबर प्लेट लगाया हुआ था। उसकी अंतिम लोकेशन आगरा में पाई गई, और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
छात्राओं के बयान दर्ज
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आश्रम में मैनेजमेंट की पढ़ाई होती है, जिसमें दो बैचों में करीब 35 से अधिक छात्राएँ पढ़ रही हैं। छात्राओं का आरोप है कि आश्रम की कुछ वार्डन आरोपी से उनका परिचय करवाती थीं। सभी पीड़ित छात्राओं के अदालत में मजिस्ट्रेट समक्ष (धारा 183 के तहत) बयान दर्ज हो चुके हैं। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया।
फर्जी UN नंबर प्लेट का खुलासा
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने अपनी वोल्वो कार पर “39 UN 1” का नंबर लिखा था। पुलिस ने जब संयुक्त राष्ट्र (UN) से इसकी पुष्टि की तो पता चला कि ऐसा कोई नंबर जारी ही नहीं किया गया। पुलिस का कहना है कि यह नंबर आरोपी ने खुद ही लिखा था।
आश्रम और पीठ की कार्रवाई
छेड़छाड़ के आरोप सामने आने के बाद आश्रम से आरोपी को बाहर कर दिया गया। दक्षिणाम्नाय श्री शारदापीठ, शृंगेरी ने भी सार्वजनिक बयान जारी कर कहा कि स्वामी चैतन्यनंद सरस्वती की गतिविधियाँ अवैध, अनुचित और पीठ के हितों के विरुद्ध पाई गईं, इसलिए उनसे सभी संबंध समाप्त कर दिए गए हैं।
पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि वसंतकुंज स्थित “श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट-रिसर्च” एआईसीटीई (AICTE) से मान्यता प्राप्त संस्थान है और इसका संचालन पीठ द्वारा गठित गवर्निंग काउंसिल करती है। काउंसिल की अध्यक्षता प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. कृष्णा वेंकटेश कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रों की पढ़ाई और कार्यक्रमों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
पुलिस की कार्रवाई
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने कहा कि छात्राओं की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश में कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।




Add comment