उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि 7 अक्तूबर 2025 को पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यह अवकाश महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में घोषित किया गया है। श्रावस्ती में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इस दिन को विशेष महत्व देते हुए राजकीय छुट्टी की घोषणा की।
इस फैसले के तहत प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। अभिभावकों और छात्रों से अपील की गई है कि वे छुट्टी की पुष्टि के लिए अपने-अपने विद्यालयों से जानकारी प्राप्त करें।
लंबे समय से थी मांग
भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज लंबे समय से महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की मांग कर रहा था। संगठन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में सरकार को कई बार ज्ञापन भी सौंपा था। समाज का कहना है कि पहले इस दिन छुट्टी होती थी, लेकिन बाद में इसे समाप्त कर दिया गया था। अब 2025 से यह परंपरा फिर शुरू हो रही है।
दशहरा की छुट्टियां भी घोषित
इसके अलावा दशहरा के अवसर पर भी 1 और 2 अक्तूबर को स्कूल बंद रहेंगे। वहीं कुछ जिलों में दुर्गा अष्टमी के दिन भी अवकाश रहेगा। इसलिए अभिभावकों और छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने विद्यालय से छुट्टियों की सही जानकारी अवश्य लें।




Add comment