
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के लोनी स्थित एक मेडिकल कॉलेज की 30 वर्षीय स्नातकोत्तर छात्रा ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली, जिसके बाद जूनियर डॉक्टरों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने संस्थान के बाल रोग विभागाध्यक्ष पर अपमान और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
लोनी पुलिस थाने के सहायक निरीक्षक कैलाश वाघ ने बताया कि तेलंगाना निवासी डॉ. विनोद कुमार गौड़ शनिवार को छात्रावास के कमरे में फंदे से लटके पाए गए। उनके साथियों ने उन्हें देखा और तुरंत सूचना दी। वाघ ने कहा, “मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।”
संस्थान की कार्रवाई
डॉ. गौड़ की मौत के बाद कई जूनियर डॉक्टरों ने सोशल मीडिया पर विभागाध्यक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। बढ़ते विरोध के बीच प्रवर आयुर्विज्ञान संस्थान ने जांच समिति गठित कर विभागाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है।
संस्थान ने एक पत्र जारी कर छात्र की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा, “हम सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेशों से अवगत हैं। हम भावनाओं और चिंताओं को समझते हैं, लेकिन सभी से आग्रह है कि जल्दबाजी में निष्कर्ष न निकालें और अपुष्ट आरोप न फैलाएँ।”
संस्थान ने यह भी चेताया कि अफवाहें या बिना पुष्टि के लगाए गए आरोप शोकाकुल परिवार को और आहत कर सकते हैं तथा निष्पक्ष जांच में बाधा डाल सकते हैं।




Add comment