
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) शैक्षणिक सत्र 2024-25 से चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटेप-ITEP) का दायरा बढ़ाने जा रहा है। बीते साल दो कॉलेजों से शुरू किए गए इस कोर्स को इस साल शिक्षा संकाय और जीसस एंड मैरी कॉलेज में शुरू किया जा रहा है। जल्द ही इसमें दाखिले के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। कोर्स में प्रवेश नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से आयोजित नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एनसीईटी-NCET)) के जरिए होगा। यह प्रवेश परीक्षा 12 जून को आयोजित की जाएगी।
वहीं, शिक्षा संकाय और कॉलेजों में पहले से जारी बीएलएड कोर्स पहले की तरह चलता रहेगा। मालूम हो कि बीते साल चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटेप) की शुरूआत माता सुंदरी कॉलेज और श्यामा प्रसाद कॉलेज में की गई थी। तब इस प्रोग्राम का विरोध किया गया था। यह बात कही जा रही थी कि डीयू में पहले से चल रहे बैचलर ऑफ एलिमेंट्री एजुकेशन (बीएलएड) प्रोग्राम को समाप्त कर दिया जाएगा। लेकिन अभी दोनों प्रोग्राम सामान रूप से पढ़ाए जा रहे हैं।
चार वर्षीय आइटेप प्रोग्राम की शिक्षा संकाय में पचास सीटें होगी। इसके साथ ही सुपरन्यूमेरी सीटें अलग होंगी। इसमें छात्र व छात्राएं दाखिला ले सकेंगे। जीसस एंड मेरी कॉलेज में भी इसकी पचास सीटें होगी। इस कोर्स में दाखिले के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 30 अप्रैल रात 11.30 तक आवेदन किया जा सकता है। 12 जून को आयोजित प्रवेश परीक्षा के बाद हाई स्कोर के आधार पर छात्रों को दाखिला दिया जाएगा।




Add comment