Edinbox Hindi

एडइनबॉक्स : श्रम की दहलीज़ से सशक्तिकृत करने वाली शिक्षा के द्वार पर दस्तक

आज इस आयोजन में शिरकत कर रहे अपने सभी वरिष्टजनों, साथियों-सहयोगियों का अभिनन्दन कि उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए अपना बहुमूल्य समय हमें दिया है। आज का यह आयोजन निस्संदेह एक अहम पड़ाव है, उस चुनौतीपूर्ण सफर का जिसकी हम शुरुआत करने जा रहे हैं। एडइनबॉक्स हिंदी के रूप में। यह न सिर्फ शिक्षा को समर्पित एक वेब मंच की आधारशिला रखने का अवसर है, बल्कि शिक्षा की सार्थकता को नए सिरे से परिभाषित करने का उपक्रम भी है।
 
वैसे भी शिक्षा संस्कार है, और सरोकार भी। कहें तो व्यक्तित्व निर्माण और व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का मूल आधार भी। स्वाभाविक है कि शिक्षा ही हमें गढ़ती है, हमें सकारात्मक रूप से समाज के अनुरूप ढालती है। एडइनबॉक्स हिंदी ऐसा ही एक मंच है, जहां शिक्षा के विविध आयामों को कुछ इस तरह प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है जिससे हमारे पाठकों-हमारे दर्शकों के लिए शिक्षा की सार्थकता सिद्ध हो। इससे लोगों को मार्गदर्शन भी प्राप्त हो और उनके लक्ष्य हासिल होने का मार्ग भी प्रशस्त हो।

यह भी एक सुखद अनुभूति है कि आज एक मई यानी श्रमिक दिवस के दिन इस महत्वपूर्ण मिशन, एडइनबॉक्स हिंदी की शुरुआत हो रही है। श्रम की महत्ता को शिरोधार्य कर ही हमने आज के दिन का चयन किया है, ताकि शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक नयी पहल करने का बीड़ा हम उठा सकें। श्रम के साथ, श्रम की संघर्षशीलता के सम्मान के साथ। शिक्षा को सर्वोपरि समझते हुए, शिक्षा की सार्थकता के अनुकूल।  

वैसे भी सार्थक शिक्षा और सकुशल श्रम का युग्म किसी के लिए भी असीमित अवसर के द्वार खोलने में सक्षम है। हम आपको यकीन दिलाते हैं कि एडइनबॉक्स हिंदी के मंच पर इसका पूरा सम्मान करते हुए हम अपनी इस यात्रा को निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे, जहाँ हमसे जुड़ने वाला हर व्यक्ति लाभान्वित होगा। हम साथ पढ़ेंगे, साथ बढ़ेंगे। और अध्ययन भी बिलकुल नए अंदाज़ और नए परिप्रेक्ष्य में। 

एडइनबॉक्स हिंदी के इस मंच से हम शिक्षा जगत की अधतन यानी नवीनतम जानकारियों से आपको सूचित भी करेंगे, साथ आपके करियर को परवाज़ देने वाली विषय-सामग्रियों से आपको परिचित भी कराएँगे। गहन ज्ञान का स्रोत भी होगा यह मंच जहाँ शिक्षा क्षेत्र से जुड़े दिग्गजोँ का मार्गदर्शन आपको प्राप्त होगा। विचार-विमर्श होंगे, वेबिनार-फेस्ट्स के माध्यम से भी आपके ज्ञान को गहराई तक उत्तारने का प्रयास होगा। 

तीव्र गति से बदलते शिक्षा के परिदृश्य और तेजी से उभरते करियर के नए विकल्पों पर हमारी नज़र होगी, और नज़र होगी इसके माध्यम से आपको अपनी रुचि के विषयों में विशेषज्ञता हासिल करने में हर सहायता प्रदान करने पर। शिक्षा को हम आपके लिए महज सिलेबस की सूची या सर्टिफिकेट्स का संग्रह नहीं बनते देना चाहते। हम चाहते हैं कि शिक्षा आपके लिए चीज़ों को एक व्यापक नज़रिये से देखने-परखने का माध्यम बने, आपके करियर को आकर देने वाली हो। पाठ्यक्रमों और परीक्षाओं से आगे भी इसका आपके जीवन में दखल हो। शोध और खोज की ओर आपको यह उन्मुक्त करे,  अपनी रूचि के विषय में यह आपके जूनून को जगा सके।

आपको साधारण से असाधारण की ओर अग्रसर करना हमारा लक्ष्य है, हमारा मिशन। करियर के बदलते परिदृश्य, बदलते आयाम के दृष्टिगत फिलवक्त हमने चार विशिष्ट करियर विकल्पों को इस मंच के माध्यम से आपके समक्ष रखने की शुरुआत की है। मीडिया, फोरेंसिस साइंस, डिज़ाइन और अलाइड हेल्थकेयर के क्षेत्र में अगर आप उतरने और उभरने की तैयारी कर रहे हैं, तो इस डोमेन में आपकी आशाओं-आकांक्षाओं को पूरा करने में हम मददगार बनेंगे। उचित कौशल प्रदान करने के साथ, इस क्षेत्र के दिग्गजों के नेतृत्व-ज्ञान-मार्गदर्शन के ज़रिये आपको हम अपने उद्देश्यों को पूरा करने का अवसर उपलब्ध कराएँगे। आगे भी इस कड़ी में आपकी रुचि के अनेकानेक विषय और जुड़ते रहेंगे ताकि आपके विकल्पों का दायरा बढ़े, ज्ञान के संसाधनों से आप खुद को और आच्छादित अनुभूत कर सकें।       

एडइनबॉक्स हिंदी के साथ आप अपने पसंदीदा विषय और करियर के क्षेत्र में खुद को एक नए क्षितिज में पाएंगे, बिलकुल एक नयी दुनिया में जहाँ शिक्षा के साथ आपका-हमारा श्रम हमें नयी ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम होगा। तो, आइये जुड़िये हमारे साथ। ताकि हम मिलकर शिक्षा के सरोवर में तैर सकें, शिक्षा जगत की गतिविधियों से परिचित रहें, अपने करियर को नयी उड़ान दे सकें और अपने सर्वोत्तम लक्ष्यों को हासिल कर सकें। एक बेहतर भविष्य के लिए एडइनबॉक्स हिंदी साथ है आपके, हर पल- हर क्षण। असीम संभावनाओं से सजा भविष्य आपकी प्रतीक्षा कर रहा है। 

धन्यवाद।                   

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed