
दिल्ली के कई स्कूलों में एक साथ बुधवार सुबह-सुबह बम रखे होने की धमकी मिलने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली ही नहीं एनसीआर में भी इसका असर देखने को मिला। राजधानी दिल्ली और नोएडा समेत एनसीआर के 100 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी। धमकी ईमेल के ज़रिये आज सुबह दी गयी। इन स्कूलों में डीपीएस, डीएवी, संस्कृति, मदर मैरी और एमिटी जैसे कई नामी स्कूल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अलग अलग स्कूल के प्रबंधन ने तुरंत इसकी सुचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमों को भी स्कूलों में भेजा गया। सभी स्कूलों को तत्काल खाली कराकर सर्च अभियान चलाया गया। बाद में गृह मंत्रालय की तरफ से बयान जारी किया गया कि यह फ़र्ज़ी कॉल प्रतीत होता है।
बहरहाल, इस खबर से अभिभावक भी परेशान होते देखे गए। स्कूल मैनेजमेंट ने संदेश भेजकर अभिभावकों को बच्चों को घर ले जाने का अनुरोध किया था। इसके बाद अभिभावक स्कूल की ओर भागे और अपने बच्चों को घर ले गए। उन अभिभावकों के लिए यह बड़ी दुविधा का विषय रहा जो कामकाजी थे और सुबह वे भी अपने अपने दफ्तर चले गए थे। उन्हें दफ्तर छोड़कर भागना पड़ा। बम की खबर से अभिभवकों में खलबली मच गई थी।
दिल्ली के द्वारका में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित मदर मैरी स्कूल, संस्कृति स्कूल और पुष्प विहार स्थित एमिटी स्कूल को भी ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी। इसके अलावा छावला के सेंट थॉमस, सरिता विहार के जीडी गोयनका, बाबा हरिदास नगर के एवरग्रीन पब्लिक स्कूल और द्वारका के सचदेवा ग्लोबल स्कूल की भी धमकी मिली। दिल्ली के अलावा नोएडा के दिल्ली पब्लिक स्कूल को भी धमकी भरा ईमेल मिला। इन स्कूलों के अलावा भी दिल्ली एनसीआर में कई स्कूलों को धमकी दी गई थी।
डीसीपी साउथ वेस्ट रोहित मीना ने कहा, ‘हमें जानकारी मिली कि सुबह करीब 4:15 बजे कई स्कूलों को एक ही ईमेल भेजा गया था। हमने कार्रवाई की और स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया। छात्रों को घर वापस भेजा गया। हमारी तकनीकी शाखा ईमेल की जांच कर रही है, ऐसा लगता है कि यह एक सामूहिक ईमेल है।’
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के कई स्कूलों में बम की धमकी मिली है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि कल से अब तक कई जगहों पर ईमेल भेजा गया है। और यह एक ही पैटर्न पर लग रहा है। इस ईमेल में डेटलाइन नहीं है। एक ही ईमेल को कई जगह भेजा गया है।
धमकी भरे मेल पर गृह मंत्रालय को भी कहना पड़ा कि घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह फर्जी कॉल है। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां प्रोटोकॉल के मुताबिक जरूरी कदम उठा रही हैं।
दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने भी कहा कि कुछ स्कूलों को बुधवार सुबह धमकी मिली। बच्चों को घर भेजकर स्कूल परिसर की तलाशी ली गई। अभी तक किसी भी स्कूल में कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। हम पुलिस और स्कूलों के संपर्क में हैं। मैं अभिभावकों और लोगों से अपील करती हूं कि घबराएं नहीं। पुलिस को अभी तक जांच में कुछ नहीं मिला है।




Add comment