Edinbox Hindi

तेलंगाना पुलिस का फैसला- रोहित वेमुला मामले में क्लोजर रिपोर्ट के बाद भी जारी रहेगी जांच 

हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रहे रोहित वेमुला की मौत का मुद्दा फिर गरमा गया है। दो दिन पहले ही तेलंगाना पुलिस ने इस मामले में हाईकोर्ट में एक क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी, अब उसी तेलंगाना पुलिस ने क्लोजर रिपोर्ट के बाद भी जांच जारी रखने का फैसला किया है। क्लोजर रिपोर्ट के बाद ऐसा माना जा रहा था कि रोहित वेमुला की आत्महत्या का मामला बंद हो जाएगा, लेकिन तेलंगाना पुलिस के इस ताज़ा फैसले के बाद अब इस मामले में नया टि्वस्ट आ गया है।

तेलंगाना पुलिस के डीजीपी रवि गुप्ता ने कहा है कि मृतक रोहित वेमुला की मां और उनके भाई को कुछ लोगों पर संदेह है, इसलिए मामले की जांच को आगे जारी रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि अदालत में एक याचिका दायर कर मजिस्ट्रेट से मामले की आगे की जांच की अनुमति देने का अनुरोध किया जाएगा। डीजीपी रवि गुप्ता ने साथ यह भी कहा कि इस मामले में अंतिम क्लोजर रिपोर्ट नवंबर 2023 से पहले की गई जांच के आधार पर तैयार की गई थी और जांच अधिकारी द्वारा आधिकारिक तौर पर 21 मार्च, 2024 को न्यायिक अदालत में दायर की गई थी।

गौरतलब है कि हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र  रोहित वेमुला ने 2016 में फांसी लगाकर जान दे दी थी। इसके बाद इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था। वेमुला के परिवार ने अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी और 100 महीने बाद दो मई को हाईकोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी थी।

ख़बरों के मुताबिक पुलिस ने क्लोज़र रिपोर्ट में दावा किया है कि मृतक रोहित वेमुला दलित नहीं था, उसकी मां ने उसे अनुसूचित जाति का प्रमाण-पत्र बनवाकर दिया था। रोहित वेमुला को भय था कि उसकी असली पहचान जाहिर हो गयी तो उसकी शैक्षणिक उपाधि वापस ली जा सकती है। इस डर से उसने आत्महत्या कर ली।

हालांकि, इस क्लोजर रिपोर्ट के बाद रोहित वेमुला के परिवार ने एक बार फिर न्याय के लिए आवाज उठाई। कांग्रेस की छात्र ईकाई एनएसयूआई समेत कई और संगठनों ने भी प्रदर्शन करके नए सिरे से जांच की मांग शुरू कर दी थी। रोहित वेमुला के भाई राज वेमुला ने भी इस मामले को सीएम रेवंत रेड्डी के सामने उठाने की बात कही थी। परिवार ने क्लोजर रिपोर्ट को कानूनी रूप से चुनौती देने की भी बात कही थी। इस बीच तेलंगाना पुलिस ने मामले में आगे की जांच करने का फैसला किया है।

      

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed