Edinbox Hindi
ncert books of cbse board not available in market

CISCE Result 2024 : जारी हुए फर्जी नतीजे, छात्रों ने मार्कशीट भी कर लिए डाउनलोड 

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन यानी सीआईएससीई (CISCE) बोर्ड की 10वीं (ICSE 10th) और 12वीं (ISC 12th) कक्षा के रिजल्ट का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे छात्रों के साथ धोखा हो गया। इंटरनेट पर किसी ने उनका फ़र्ज़ी रिजल्ट जारी कर उनके साथ छल कर दिया। और वह भी बोर्ड की ऑफिसियल वेबसाइट (cisce.org) से मिलती-जुलती वेबसाइट http://cisceresults.trafficmanager.net पर परिणाम प्रकाशित कर। हैरत की बात है कि बाकायदा छात्रों ने वेबसाइट पर जाकर लिंक के ज़रिये अपने अंक प्रमाणपत्र यानी मार्कशीट डाउनलोड भी किये जो देखने में बिलकुल वास्तविक थे। यह अलग बात कि मामला जैसे ही सीआईएससीई बोर्ड के संज्ञान में आया, उसने इसे फ़र्ज़ी करार दिया और छात्रों को सूचित किया कि अधिकृत परिणाम अभी नहीं जारी किये हैं। वे जल्द ही जारी किये जाएंगे और इसकी तिथियों की घोषणा भी बाकायदा कर दी जाएगी। 

दरअसल, 4 मई को सीआईएससीई बोर्ड की 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी होने की खबर के बाद स्कूलों में हड़कंप सा मच गया। बताया जा रहा है कि शनिवार को दोपहर में लखनऊ के कुछ व्हाट्सएप्प ग्रुप पर एक लिंक वायरल हुई। लिंक के साथ यह दावा किया गया था कि सीआईएससीई बोर्ड की 10वीं कक्षा का रिजल्ट यहाँ उपलब्ध है। कई छात्रों ने लिंक पर जाकर अपने मार्कशीट भी डाउनलोड किये जो देखने में बिलकुल असली थे। नाम, डेट ऑफ बर्थ, स्कूल का नाम, विषयों जैसी जानकारी बिल्कुल सटीक। बस क्या था, बड़े स्तर पर लिंक शेयर किये जाने लगे और छात्र इंडेक्स नंबर समेत कुछ ज़रूरी सूचना साझा कर इसके ज़रिये अपने रिजल्ट को डाउनलोड करने लगे। मगर थोड़े समय बाद सोशल मीडिया पर रिजल्ट की यह वायरल लिंक ब्लॉक कर दी गयी।

बताया जा रहा है कि सीआईएससीई बोर्ड के संज्ञान में जैसे ही यह बात आयी, उसकी तरफ से उचित कार्रवाई की गयी। लिंक तो ब्लॉक हुई ही, बोर्ड की संयोजक अमिता सिंह ने वायरल रिजल्ट लिंक को पूरी तरह से फर्जी बताया। साथ ही स्टूडेंट्स को ऐसी किसी भी इन्फॉर्मेशन पर भरोसा न करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि वह काउंसिल को मेल कर इसकी सूचना देंगी। उधर सीआईएससीई बोर्ड के मुख्य कार्यकारी और सचिव जोसेफ इमैनुअल ने भी इसे फ़र्ज़ी करार दिया और जल्दी ही अधिकृत परीक्षा परिणाम जारी करने का वादा किया। दूसरे दिन यानी आज 5 मई को इसकी घोषणा कर भी दी गयी कि सीआईएससीई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के परिणाम 6 मई को सुबह 11 बजे घोषित किये जाएंगे।  

बहरहाल, 4 मई को रिजल्ट लिंक वायरल होने के बाद छात्रों और स्कूलों में मची अफरातफरी बोर्ड के स्पष्टीकरण के बाद कुछ थमी और छात्रों को अहसास हुआ कि किसी ने उनके साथ धोखा किया है। हालांकि अभी भी कई छात्रों का कहना है कि मार्कशीट में जानकारियां जिस रूप में दी गयी थी, उससे इन रिजल्ट्स पर सहसा अविश्वास करना मुश्किल था। यहाँ उल्लेखनीय है कि सीआईएससीई बोर्ड में 10वीं आईसीएसई और 12वीं आईएससी परीक्षाओं में शामिल हुए 2 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स फिलहाल अपने बोर्ड रिजल्ट 2024 का इंतजार कर रहे हैं।     

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed