
मुंबई के माहिम में एक 22 वर्षीय आईआईटी स्नातक के अपने आवास पर कथित तौर पर फांसी लगाकर ख़ुदकुशी कर लेने की खबर सामने आई है। हालाँकि पुलिस ने इसे आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है, लेकिन उसका कहना है कि मृतक पिछले तीन महीनों से डिप्रेशन में चल रहा था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान रोहन कुमार झा के रूप में हुई है और वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। उसने हाल ही में आईआईटी कानपुर से स्नातक किया था। कैंपस प्लेसमेंट के जरिए उसे मुंबई में एक बीमा कंपनी में नौकरी मिल गई, जिसके बाद वह यहां शिफ्ट हो गया था। माहिम स्थित अपने 3 बीएचके आवास पर वह दो अन्य दोस्तों के साथ रह रहा था।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब छह बजे रोहन कथित तौर पर अपने घर की रसोई में गया था और उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। घर में रह रहे मृतक के एक दोस्त ने जब रसोईघर का दरवाजा अंदर से बंद पाया तो उसने दरवाजा खटखटाकर इसे खुलवाने का प्रयास किया। जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो उसे कुछ गड़बड़ का एहसास हुआ। फ़ौरन उसने अपने अन्य दोस्तों को सूचित किया, जिन्होंने आकर दरवाजा तोड़ दिया। रोहन फांसी के फंदे पर झूलता मिला। मृतक के दोस्तों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
माहिम पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक सुधाकर शिरसथ का कहना है कि, “हमें घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसा प्रतीत होता है कि वह पिछले कुछ महीनों से उदास था क्योंकि वह किसी से ज्यादा बात नहीं करता था। हमें संदेह है कि अवसाद के कारण उसने यह आखिरी कदम उठाया।” फ़िलहाल माहिम पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।




Add comment