Edinbox Hindi
CUET-PG-2024

अब CUET UG 2024 पेपर लीक होने का दावा, कानपुर में छात्रों का हंगामा

पिछले दिनों देशभर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित NEET UG 2024 परीक्षा के पेपरलीक होने की ख़बरों के बाद अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा 15 मई, 2024 से देशभर में कराये जा रहे CUET UG 2024 एग्जाम के भी पेपर लीक होने का दावा किया गया है। दावा किया जा रहा है कि कानुपर के महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ कॉलेज में CUET एग्जाम के दौरान पेपर लीक हुआ है। बाकायदा इस सेंटर पर पेपर लीक करवाने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने सेंटर पर हंगामा भी किया, जिसे काबू करने के लिए मौके पर पुलिस बुलाई गयी। यह खबर अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।

बताया जा रहा है कि कानपुर के चौबेपुर एरिया स्थित महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ कॉलेज को CUET UG का परीक्षा केंद्र बनाया गया था। कॉलेज में 15 मई बुधवार को CUET UG एग्जाम आयोजित किया गया। परीक्षा ईवनिंग शिफ्ट (ऑफलाइन मोड) में होनी थी, जिसके लिए सैंकड़ों की संख्या में स्टूडेंट्स कॉलेज पहुंचे थे। एग्जाम के बाद, कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि CUET UG 2024 परीक्षा खत्म होने के बाद भी कॉलेज प्रशासन कई स्टूडेंट्स का पेपर सॉल्व करवा रहा था। जैसे ही यह बात और छात्रों तक पहुंची, सभी स्टूडेंट्स ने एग्जाम सेंटर पर हंगामा शुरू कर दिया। स्टूडेंट्स ने पथराव भी किया। हंगामे को काबू करने के लिए मौके पर पुलिस बुला ली गई। सैंकड़ो की संख्या में बेकाबू स्टूडेंट्स को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने सख्ती बरती तो स्टूडेंट्स ने नारेबाजी शुरू कर दी। 

बहरहाल, बड़ी मशक्कत से आक्रोशित स्टूडेंट को पुलिस ने शांत कराया और दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि छात्रों के आरोप के आधार पर जांच की जा रही है। अगर जांच में कोई गड़बड़ी मिली तो FIR दर्ज करके मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद से CUET UG एग्जाम के पेपर लीक होने की खबर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई है। देखना शेष है कि जांच में क्या सामने आता है। 

बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) 15 मई से CUET एग्जाम कंडक्ट करा रही है। पहले 4 दिनों तक यानी 18 मई तक ऑफलाइन मोड पर परीक्षा का आयोजन होगा। इसके बाद, 3 दिन यानी 21, 22 ओर 24 मई को ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा कराई जाएगी। CUET UG 2024 के लिए 13 लाख 47 हजार 618 छात्रों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। CUET UG स्कोर के जरिए देश के 46 सेंट्रल, 37 स्टेट, 133 प्राइवेट, 32 डीम्ड और 3 अन्य यूनिवर्सिटीज में दाखिले होंगे।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed