Edinbox Hindi

सारे दस्तावेज सही, फिर भी नर्स भर्ती में आदिवासी अभ्यर्थी को घोषित कर दिया अपात्र 

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग स्थित कांकेर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में नियुक्ति को लेकर एक बड़ी धांधली का मामला प्रकाश में आया है। इस चिकित्सा महाविद्यालय में विशेष कनिष्ठा कर्मचारी स्टाफ नर्स की सीधी भर्ती हेतु 93 रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। लेकिन भर्ती में पात्र लोगों को अपात्र घोषित कर खास अभ्यार्थियों का चयन कर लिया गया।  

स्टॉफ नर्स भर्ती हेतु नियमानुसार परीक्षा भी आयोजित की गई थी। परीक्षा के उपरांत परीक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान के स्थान पर अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी की गई। इसमें अभ्यर्थी राजेश्वरी कश्यप निवासी आसना जगदलपुर ने एसटी कैटेगरी में 83वीं रैंक हासिल की। चयन बोर्ड द्वारा उन्हें दस्तावेज परीक्षण हेतु बुलाया गया। सभी दस्तावेज जमा करने एवं जांच कर अधिकारियों द्वारा उन्हें सभी दस्तावेज परीक्षण उपरांत सही बताया गया। किंतु अंतिम सूची में राजेश्वरी कश्यप को अपात्र घोषित कर दिया गया। कारण पूछे जाने पर उन्हें नर्सिग पंजीयन का दस्तावेज पेश नही किया जाना बताया गया। 

चयन बोर्ड द्वारा दावा आपत्ति हेतु सामाचार प्रकाशित किया गया, जिसमें आवश्यक दस्तावेज जमा करने हेतु अवसर दिया गया। इसके बाद पुनः राजेश्वरी कश्यप ने कार्यालय पहुंचकर नर्सिग पंजीयन एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करवाए। परन्तु अंतिम सूची में भी पुनः राजेश्वरी कश्यप को अपात्र घोषित कर दिया गया। कारण यही बताया गया कि अभ्यर्थी द्वारा नर्सिग पंजीयन दस्तावेज जमा नही किया गया है। 

इस संबंध में राजेश्वरी कश्यप ने कहा कि उक्त पद हेतु 93 पद की नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया था जिसमें मैने एसटी कैटेगरी में 83वीं रैंक हासिल की है। सभी दस्तावेज जमा करने के उपरांत भी अपात्र घोषित किया जाना संदेहजनक है। राजेश्वरी कश्यप ने सरकार से निवेदन किया है कि उनके द्वारा भर्ती प्रक्रिया में सभी दस्तावेज जमा किए गए हैं जिसकी पावती भी चयन बोर्ड द्वारा दी गई है। उनका कहना है कि चयन बोर्ड द्वारा पुनः सभी दस्तावेज की जांच पारदर्शिता के साथ करते हुए उसे न्याय दिलाया जाए।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed