
बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी (BPSC) तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती में गेस्ट टीचर को वेटेज दिया जाएगा। पटना हाई कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें उनके अनुभव के आधार पर अतिरिक्त मार्क्स देने का फैसला लिया गया है। इसके तहत, बिहार में गेस्ट टीचर को हर साल की सेवा अवधि के लिए 5 अंक दिए जाएंगे। साथ ही आयोग गेस्ट टीचर को अधिकतम 25 अतिरिक्त अंक देगा। इस सम्बन्ध में शिक्षा विभाग ने पत्र आयोग को भी भेज दिया है। पत्र में कहा गया है कि विभाग हाइकोर्ट के इस फैसले के खिलाफ एलपीए दायर करेगा।
गौरतलब है कि गेस्ट टीचर के वेटेज मामले और BPSC TRE 3 बहाली पर हाईकोर्ट ने स्टे लगाया था। हालांकि फिलहाल अब शिक्षा विभाग के पत्र के बाद बहाली पर असर नहीं पड़ेगा। यह भी बताया जा रहा है कि बीपीएससी की योजना 20 जून के बाद शिक्षक भर्ती के तीसरे चरण की परीक्षा लेने की है।
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती के लिए फिर से आवेदन प्रक्रिया भी शुरू करेगा। लेकिन इसमें सिर्फ वे आवेदन कर सकेंगे जिनके पास गेस्ट टीचर का अनुभव होगा। जिन आवेदकों ने पहले ही रजिस्ट्रेशन कर दिया है, उन्हें अप्लाई नहीं करना है। आयोग को इस संबंध में जल्द से जल्द विज्ञापन जारी करने करने को भी कहा गया है।
बीपीएससी तीसरे चरण की भर्ती के तहत, कुल 86 हजार 474 पदों पर बहाली की जाएगी। बीपीएससी टीआरई 3 में सप्लीमेंट्री रिजल्ट का कोई प्रावधान नहीं है। इस भर्ती के लिए कुल 4.63 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इसमें पहली से पांचवीं क्लास के लिए 1.03 लाख, छठी से आठवीं तक के लिए 1,42,420 और नौवीं व दसवीं के लिए कुल 1,02450 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।




Add comment