Edinbox Hindi

असम में खुलेगा नया IIM, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर राज्य असम (Assam) में गुवाहाटी के पास एक भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) स्थापित करने की मंजूरी दे दी है। यह कदम राज्य सरकार के प्रस्ताव के बाद उठाया गया है। यह नया आईआईएम कामरूम जिले के मराभिता में स्थापित किया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा (Himanta Biswa Sarma) ने सोशल मीडिया पर अपने एक पोस्ट के ज़रिये इसकी जानकारी दी है। इसके साथ ही गुवाहाटी देश के उन कुछ शहरों में शामिल हो जाएगा, जहां शीर्ष शैक्षणिक संस्थान हैं।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “एक बड़ी खबर साझा कर रहा हूं! 2023 में हमारे अनुरोध के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुवाहाटी के पास एक भारतीय प्रबंध संस्थान को मंजूरी देकर असम के लोगों को एक विशेष उपहार दिया है। इससे यह उन कुछ शहरों में शामिल हो गया है जहां आईआईटी, एम्स, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और अब आईआईएम है।”

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पिछले 18 महीनों से केंद्र के साथ इस मामले को आगे बढ़ा रही थी, और नया संस्थान राज्य में उच्च शिक्षा के लिए ‘क्रांतिकारी कदम’ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और उनके मंत्रालय के समक्ष अपना मामला पेश किया था, साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को भी पत्र लिखा था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नए संस्थान के लिए भूमि और रसद सहायता की पेशकश की है, जिसका मार्गदर्शन आईआईएम-अहमदाबाद (IIM-Ahmedabad) करेगा।

गौरतलब है कि पूरे देश में अभी 21 आईआईएम हैं. जिसमें आईआईएम शिलांग नॉर्थ ईस्ट में एक मात्र है। राज्य सरकार ने मई 2022 में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसके लिए पत्र लिखा था। इस पत्र में लिखा गया था कि असम में आईआईएम स्थापित होने से पड़ोसी राज्यों नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश आदि में शिक्षा का प्रसार होगा और स्थानीय उद्योगों की आवश्यकता की पूर्ति में यह अहम भूमिका निभाएगा।  

नए आईआईएम के लिए राज्य सरकार ने 574 बीघा जमीन मुफ्त में उपलब्ध कराने पर सहमति व्यक्त की है। मंत्रालय ने आईआईएम अहमदाबाद को केंद्रीय उच्च शिक्षा विभाग और राज्य सरकार के परामर्श से नए संस्थान के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed